बाराबंकी : जिलाधिकारी ने छात्राओं के साथ बैठकर किया भोजन, जांची गुणवत्ता
जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय (आवासीय) का किया निरीक्षण, छात्राओं से व्यवस्थाओं को लेकर लिया फीडबैक
रामसनेहीघाट/बाराबंकी, अमृत विचार। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने मुख्य विकास अधिकारी अन्ना सुदन के साथ सोमवार को विकास खण्ड बनीकोडर के सनौली स्थित जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय (आवासीय) का निरीक्षण किया। यह विद्यालय समाज कल्याण विभाग द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों को आवासीय सुविधाओं के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर का भ्रमण कर स्मार्ट क्लास, कंप्यूटर कक्ष, विज्ञान प्रयोगशालाओं सहित अन्य शैक्षणिक संसाधनों का अवलोकन किया। उन्होंने छात्राओं से संवाद करते हुए उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने, लक्ष्य निर्धारित करने और उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया। जिलाधिकारी ने छात्राओं की पढ़ाई, रहन-सहन, उपलब्ध सुविधाओं एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
साथ ही प्रधानाचार्य से शिक्षा की गुणवत्ता सुधार के लिए किए जा रहे नवाचार, डिजिटल शिक्षा के उपयोग और छात्राओं के समग्र विकास की व्यवस्थाओं पर चर्चा की तथा शिक्षा को और प्रभावी बनाने पर बल दिया। इस दौरान उन्होंने आवासीय व्यवस्थाओं, स्वच्छता, सुरक्षा, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। जिलाधिकारी छात्राओं के साथ बैठकर भोजन किया, जहां छात्राओं ने मंत्रोच्चार के साथ भोजन प्रारंभ किया।
उन्होंने भोजन की गुणवत्ता, मात्रा और पोषण स्तर के संबंध में छात्राओं से सीधा फीडबैक लिया और संबंधित को गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने छात्रावास (हॉस्टल) का भी निरीक्षण कर साफ-सफाई, शौचालय, पेयजल, विद्युत व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिया कि छात्राओं को सभी आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं और स्वच्छता व अनुशासन का विशेष ध्यान रखा जाए।
इसके बाद उन्होंने विद्यालय परिसर में निर्माणाधीन ट्रांजिट हॉस्टल का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और कार्यदायी संस्था को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर एसडीएम राम सनेही घाट, जिला समाज कल्याण अधिकारी, विद्यालय प्रधानाचार्य सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
