एअर इंडिया में बड़ा झटका: सीईओ कैंपबेल विल्सन ने दिया इस्तीफा, बोर्ड ने किया मंजूर, नए CEO की तलाश शुरू!
मुंबईः टाटा समूह के स्वामित्व वाली विमानन कंपनी एअर इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) कैंपबेल विल्सन ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। विल्सन को जुलाई 2022 में एअर इंडिया का सीईओ और प्रबंध निदेशक (एमडी) नियुक्त किया गया था। इससे पहले टर्किश एयरलाइंस के चेयरमैन इल्कर अइसी ने एक विवाद के चलते मार्च 2022 में इस पद को स्वीकार करने से इनकार कर दिया था। टाटा समूह ने जनवरी 2022 में सरकार से एअर इंडिया का अधिग्रहण किया था।
एयर इंडिया के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एवं प्रबंध निदेशक कैंपबेल विल्सन ने इस्तीफा दे दिया है। एयरलाइन ने उनके उत्तराधिकारी की तलाश के लिए एक समिति का गठन किया है। कंपनी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। न्यूजीलैंड मूल के विल्सन पिछले चार वर्ष से टाटा समूह के स्वामित्व वाली एयर इंडिया के सीईओ एवं प्रबंध निदेशक के रूप में कार्य कर रहे थे।
एयरलाइन ने बयान में कहा, ''विल्सन ने 2024 में ही एयर इंडिया के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन को 2026 में पद छोड़ने की अपनी इच्छा से अवगत करा दिया था। तब से वह यह सुनिश्चित करने के लिए काम कर रहे हैं कि संगठन और नेतृत्व दल बदलाव के लिए स्थिर स्थिति में हो।''
बयान के अनुसार, नए उत्तराधिकारी की घोषणा होने तक विल्सन सीईओ एवं प्रबंध निदेशक के पद पर बने रहेंगे। एयर इंडिया के निदेशक मंडल ने आने वाले महीनों में नए प्रमुख की नियुक्ति के लिए एक समिति का गठन किया है, जो उनके उत्तराधिकारी की तलाश करेगी।
एअर इंडिया की किफायती उड़ान सेवाएं मुहैया कराने वाली सहायक एयरलाइन एअर इंडिया एक्सप्रेस में भी 19 मार्च से प्रमुख का पद खाली है जब तत्कालीन प्रबंध निदेशक आलोक सिंह ने अपना पांच साल का कार्यकाल पूरा करने के बाद इस्तीफा दे दिया था। विल्सन पिछले वर्ष 12 जून से आलोचनाओं के घेरे में थे, जब अहमदाबाद हवाईअड्डे से उड़ान भरने के तुरंत बाद लंदन जाने वाली एक उड़ान दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। इस दुर्घटना में बोइंग 787-8 विमान में सवार 242 में से 241 लोगों की मौत हो गई थी।
