खेल इतिहास में जुड़ेगा हैंडबाल लीग: यूपी के शहरों के नाम से बनी 6 टीमें खेलेंगी, मैचों का होगा दूरदर्शन पर प्रसारण
लखनऊ, अमृत विचार: प्रदेश के खेल इतिहास में यूपी प्रो हैंडबॉल लीग के रूप में नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। केडी सिंह बाबू स्टेडियम स्थित भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी बहुउद्देश्यीय हॉल में 9 से 14 अप्रैल तक इस लीग का आयोजन किया जाएगा। लीग के सीईओ डॉ. आनन्देश्वर पांडेय, संस्थापक एमडी अमित पांडेय ने सोमवार को पत्रकारों को बताया कि उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन और एसएन पाण्डेय खेल संस्थान ट्रस्ट के देखरेख में प्रतियोगिता का आयोजन होगा। इसमें काशी किंग्स, मथुरा ब्रज स्टार, नोएडा ब्लास्टर्स, गाजियाबाद पैंथर्स, बर्बरीक वॉरियर्स और गोरखपुर राउडीज नाम से छह टीमें खेलेंगी।
सभी टीमों में 14 खिलाड़ी होंगे। मैच 20-20 मिनट के दो हाफ हो होगा और बीच दो मिनट का रेस्ट मिलेगा। लखनऊ निवासी अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी अंकित चौधरी नोएडा ब्लास्टर्स और मोहित यादव बर्बरीक वारियर्स से खेलेंगे। विजेता टीम को 2 लाख रुपये, उपविजेता को 1 लाख रुपये नकद पुरस्कार दिया जाएगा। लीग का उद्घाटन 9 अप्रैल को उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और विधायक सुशील सिंह करेंगे। लीग का प्रसारण दूरदर्शन, वेव ओटीटी, फैन कोड और स्पोर्ट्स कास्ट पर किया जाएगा।
हैंडबॉल पर फिल्म बनाने की इच्छा
लीग की ब्रांड एंबेसडर सबिता कलवार ने कहा कि जिस तरह हॉकी, कबड्डी, बैडमिंटन और क्रिकेट खिलाड़ियों पर फिल्में बन चुकी हैं, वैसे ही हैंडबॉल खिलाड़ियों की कहानी भी बड़े पर्दे पर आनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वह ऐसी फिल्म में महिला हैंडबॉल खिलाड़ी का किरदार निभाना चाहेंगी। यूपी प्रो हैंडबॉल लीग से प्रदेश में इस खेल को नई पहचान मिलेगी।
टीमें और उसके आइकन प्लेयर्स
काशी किंग्स, आइकन प्लेयर वाराणसी के अनीश यादव।
मथुरा ब्रज स्टार, आइकन प्लेयर यूपी पुलिस केनिहाल जायसवाल।
नोएडा ब्लास्टर्स, आइकन प्लेयर लखनऊ के अंकित चौधरी।
गाजियाबाद पैंथर्स, आइकन प्लेयर यूपी पुलिस के अमान चौधरी।
बर्बरीक वारियर्स, आइकन प्लेयर लखनऊ के मोहित यादव।
गोरखपुर राउडीज, आइकन प्लेयर गोरखपुर के मनीष त्रिपाठी।
