बाराबंकी : गेहूं चोरी के आरोप में पेड़ से बांधकर युवक की पिटाई

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

कोठी/बाराबंकी, अमृत विचार। थाना क्षेत्र के बुधनई चौराहा पर मंगलवार सुबह एक बोरी गेहूं चोरी के आरोप में युवक को पकड़कर लोगों ने पेड़ से बांध दिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में चर्चा का विषय बन गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया।

जानकारी के अनुसार हैदरगढ़-बाराबंकी मार्ग स्थित बुधनई चौराहा पर अमन पुत्र अशोक कुमार द्वारा संचालित गेहूं खरीद बाड़े में किसानों से खरीदा गया अनाज टीनशेड के नीचे रखा था। मंगलवार सुबह एक युवक पैडल रिक्शा लेकर वहां पहुंचा और एक बोरी गेहूं लादने लगा। इस दौरान स्थानीय लोगों की नजर पड़ते ही हड़कंप मच गया। 

आरोप है कि युवक भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन चौराहे पर मौजूद लोगों ने उसे घेरकर पकड़ लिया। गुस्साए लोगों ने उसे रस्सी से पेड़ से बांध दिया और लात-घूसों से पिटाई कर दी। मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर कोठी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को भीड़ से छुड़ाकर थाने ले गई। 

पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान असंद्रा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी विजय के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और वीडियो के आधार पर मारपीट करने वालों की भी पहचान की जा सकती है। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार