लखनऊ में दिल दहला देने वाली वारदात, बारिश से बचने निर्माणाधीन बिल्डिंग में गई 13 वर्षीय किशोरी से गैंग रेप
लखनऊः लखनऊ के आशियाना क्षेत्र में एक जघन्य अपराध ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। बारिश से बचने के लिए एक निर्माणाधीन बिल्डिंग में शरण लेने वाली 13 वर्षीय किशोरी के साथ वहां काम कर रहे पांच मजदूरों ने क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं। पुलिस ने सभी पांचों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ दुष्कर्म (POCSO एक्ट) का मामला दर्ज कर लिया है।
किशोरी रोज की तरह मंगलवार शाम को इलाके में बच्चों की देखभाल का काम करने जा रही थी। अचानक तेज बारिश शुरू हो गई तो वह पास की निर्माणाधीन बिल्डिंग में खड़ी हो गई। इसी दौरान एक मजदूर ने उसे जबरन अंदर खींच लिया और उसके साथ दरिंदगी की। उसके साथी बाहर पहरा देते रहे। जब किशोरी ने विरोध किया तो दूसरे मजदूर भी शामिल हो गए। आरोपियों ने उसके हाथ-पैर बांध दिए, मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और बुरी तरह पीटा भी।
जिस महिला के यहां किशोरी काम करती थी, उसे समय पर न पहुंचने पर शक हुआ। पड़ोसियों से पूछताछ करने पर पता चला कि किशोरी को कुछ लोग पहले से गंदी नजरों से देखते थे। स्थानीय लोगों ने निर्माणाधीन बिल्डिंग की तलाशी ली तो तीसरे तल पर बदहवास हालत में किशोरी मिली। नाराज लोगों ने छत की टंकी के पास छिपे मजदूरों को पकड़कर उनकी पिटाई की। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और किशोरी को लोकबंधु अस्पताल ले गई, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
डीसीपी मध्य ने बताया कि प्राथमिक जांच में एक किशोर आरोपी द्वारा दुष्कर्म की पुष्टि हुई है, जबकि बाकी मजदूरों से गहन पूछताछ जारी है। सभी के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और मामला गंभीरता से जांचा जा रहा है।
स्थानीय लोगों में आक्रोश
घटना की जानकारी फैलते ही इलाके में भारी गुस्सा फैल गया। लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए और कहा कि निर्माण स्थलों पर मजदूरों की निगरानी नहीं होती, जिसका फायदा ऐसे दरिंदे उठाते हैं।
पुलिस ने आश्वासन दिया है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और जल्द ही चार्जशीट दाखिल कर दी जाएगी। किशोरी की मनोवैज्ञानिक मदद के लिए काउंसलिंग की व्यवस्था भी की गई है।
