कम्युनिटी रेडियो स्टेशनों को सशक्त बनाने की पहल तेज, केजीएमयू में बनी सामूहिक रणनीति
लखनऊ, अमृत विचार : कम्युनिटी रेडियो स्टेशनों (सीआरएस) को बुनियादी और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए अब सामूहिक रणनीति तैयार की जाएगी। इसको लेकर मंगलवार को केजीएमयू स्थित कम्युनिटी रेडियो स्टेशन ‘गूंज’ परिसर में प्रवक्ता डॉ. केके सिंह की अध्यक्षता बैठक हुई। इसमें प्रदेश भर के विभिन्न सामुदायिक रेडियो स्टेशनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान निर्णय लिया गया कि सभी स्टेशन एकजुट होकर केंद्र और राज्य स्तर के सरकारी विभागों से समन्वय स्थापित करेंगे, जिससे विज्ञापनों की प्राप्ति बढ़ाई जा सके और सरकारी योजनाओं को व्यापक स्तर पर आम जनता तक पहुंचाया जा सके।
डॉ. केके सिंह ने बताया कि अब केवल स्थानीय संसाधनों पर निर्भर रहने के बजाय व्यापक स्तर पर संवाद स्थापित करने की दिशा में काम किया जाएगा। साथ ही स्टेशनों के तकनीकी उन्नयन और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार की गई है। बैठक में कार्यक्रमों की गुणवत्ता सुधारने के लिए प्रशिक्षण सत्र आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया।
उन्होंने कहा कि कम्युनिटी रेडियो सरकार और जनता के बीच एक प्रभावी सेतु का कार्य करता है। यह न केवल जन-समस्याओं को उजागर करता है, बल्कि सरकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
