अमृत भारत योजना से संवर रहा डालीगंज स्टेशन, 28.45 करोड़ रुपये की लागत से कराए जा रहे कार्य

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचारः डालीगंज रेलवे स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत 28.45 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक स्वरूप दिया जा रहा है। 1,120 वर्ग मीटर में फसाड, 608 वर्ग मीटर में स्टेशन भवन, पोर्च, सर्कुलेटिंग एरिया में ड्रेनेज, बाउंड्रीवॉल, सड़कों और पार्किंग का कार्य पूरा कर लिया गया है। स्टेशन तक पहुंचने वाला मार्ग भी सुगम और व्यवस्थित हो गया है।

स्टेशन पर प्लेटफॉर्म का विस्तार कर 5,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में ग्रेनाइट लगाया गया है। यात्रियों के लिए 24-बे पी.पी. शेल्टर बनाए जा रहे हैं। नए प्रतीक्षालय, आधुनिक शौचालय (महिला, पुरुष एवं दिव्यांगजन के लिए) और अंतरराष्ट्रीय मानकों के साइनेज भी विकसित किए जा रहे हैं।एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म तक सुगम आवाजाही के लिए 12 मीटर चौड़ा फुट ओवर ब्रिज बनाया जा रहा है। इसके साथ ही एक लिफ्ट और दो एस्केलेटर भी लगाए जा रहे हैं। स्टेशन पर द्वितीय प्रवेश द्वार का भी प्रावधान किया गया है। सभी कार्य पूर्ण होने के बाद स्टेशन न केवल आकर्षक दिखेगा बल्कि यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। इससे लखनऊ के आर्थिक विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद है। मध्य उत्तर प्रदेश में स्थित डालीगंज स्टेशन बरेली, मुरादाबाद, सहारनपुर, पीलीभीत, इज्जतनगर, मैलानी और सीतापुर जैसे प्रमुख शहरों से सीधे रेल संपर्क प्रदान करता है। यहां यात्रियों की बढ़ती संख्या और 50 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखते स्टेशन को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है।

संबंधित समाचार