घरेलू शेयर बाजारों में जबरदस्त तेजी : युद्ध विराम की घोषणा से उछला 2,946 अंक सेंसेक्स, निफ्टी ने लगाए गोते  

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

मुंबई। अमेरिका और ईरान के बीच दो सप्ताह के युद्ध विराम की घोषणा से बुधवार को घरेलू शेयर बाजारों में जबरदस्त तेजी देखने को मिली और बीएसई का सेंसेक्स चार फीसदी के करीब उछल गया। सेंसेक्स की शुरुआत सुबह 2,674 अंक की मजबूती के साथ हुई। पूरे दिन यह 2,300 अंक से अधिक की बढ़त में रहा और अंत में 2,946.32 अंक (3.95 प्रतिशत) ऊपर 77,562.90 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 873.70 अंक यानी 3.78 फीसदी की तेजी में 23,997.35 अंक पहुंच गया। यह दोनों सूचकांकों का 10 मार्च के बाद का उच्चतम स्तर है। 

अमेरिका और ईरान में दो सप्ताह के लिए युद्ध विराम पर सहमति बनी है। इससे दुनिया भर में निवेश धारणा मजबूत हुई और शेयर बाजारों में तेजी रही। चौतरफा लिवाली के बीच ऑटो सेक्टर का सूचकांक साढ़े छह प्रतिशत से अधिक चढ़ा। रिजर्व बैंक द्वारा बैंकों के लिए राहत के उपायों की घोषणा से बैंकिंग सेक्टर का सूचकांक साढ़े पांच प्रतिशत से ज्यादा मजबूत हुआ।

रियलटी में पौने सात फीसदी की और टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद समूह में पांच प्रतिशत से अधिक की तेजी रही। धातु और मीडिया समूहों के सूचकांक भी ढाई से तीन प्रतिशत तक चढ़े। मझौली और छोटी कंपनियों में भी लिवाली हावी रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 4.09 फीसदी और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 4.39 फीसदी की बढ़त में रहा। सेंसेक्स की कंपनियों में इंडिगो का शेयर आठ फीसदी से ज्यादा उछल गया। 

एलएंडटी में साढ़े सात प्रतिशत और बजाज फाइनेंस में सात प्रतिशत से अधिक की तेजी रही। महिंद्रा एंड महिंद्रा, एक्सिस बैंक, मारुति सुजुकी, अल्ट्राटेक सीमेंट और टाइटन के शेयर छह से सात प्रतिशत चढ़े। बजाज फिनसर्व, एचडीएफसी बैंक, अडानी पोर्ट्स, आईसीआईसीआई बैंक और इटरनल के शेयर पांच से छह फीसदी ऊपर बंद हुए। 

कोटक महिंद्रा बैंक, एशियन पेंट्स, रिलायंस इंडस्ट्रीज और टाटा स्टील में तीन से चार फीसदी की तेजी देखी गयी। भारतीय स्टेट बैंक और ट्रेंट के शेयर दो से तीन प्रतिशत तक चढ़े। हिंदुस्तान यूनीलिवर, भारतीय एयरटेल, एनटीपीसी, आईटीसी और बीईएल के शेयर एक से दो प्रतिशत के बीच मजबूत हुए। एचसीएल टेक्नोलॉजीज, टीसीएस और इंफोसिस में भी तेजी रही। टेक महिंद्रा का शेयर डेढ़ फीसदी टूट गया।

 ये भी पढ़ें :
अमेरिका-ईरान युद्धविराम का ऐलान, कच्चे तेल की कीमतें धड़ाम, 6% की गिरावट

संबंधित समाचार