Uttrakhand: किलबरी वन विश्राम भवन के लापता कर्मी का शव मिला, पोस्टमार्टम से खुलेगा मौत का राज
नैनीताल, अमृत विचार। नैना वन क्षेत्र से लापता चल रहे उपनल कर्मी दयाल सिंह का शव किलबरी वन विश्राम भवन में संदिग्ध अवस्था में मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।
वन विभाग की जानकारी के अनुसार दयाल सिंह किलबरी वन विश्राम भवन में चौकीदार के पद पर तैनात थे। 5 अप्रैल को ड्यूटी के दौरान वह अचानक लापता हो गए थे। काफी तलाशने के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं लग पाया। विभागीय कर्मचारियों ने किलबरी और आसपास के वन क्षेत्रों में खोजबीन की, लेकिन सफलता नहीं मिली। मामले को गंभीरता से लेते हुए वन विभाग ने मल्लीताल कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू की थी।
इसी बीच किलबरी गेस्ट हाउस में ही उनका शव मिलने की सूचना मिली। एसआई मो. यूनुस ने बताया कि दयाल सिंह का शव वन विभाग के किलबरी गेस्ट हाउस में मृत अवस्था में मिला है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के स्पष्ट कारणों का पता चल सकेगा। घटना के बाद वन विभाग और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
