ऑपरेशन प्रहार: अब पुलिस के रडार पर फरार और लंबे समय से लापता अपराधी
हल्द्वानी, अमृत विचार। पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के दायरे को अब और बड़ा कर दिया है। अब उन फरार अपराधियों की धर-पकड़ भी इसी ऑपरेशन के तहत की जाएगी। ये ऐसे अपराधी हैं, जो लंबे समय से फरार है। बड़ी मुसीबत वो बदमाश हैं, जिन्हें कुछ माह पहले ही हिस्ट्रीशीटर की श्रेणी में डाला गया है। मंडलभर में चिह्नित कुल हिस्ट्रीशीटरों में से करीब 80 अपराधी ऐसे हैं, जिनकी मौजूदा लोकेशन तक पुलिस के पास नहीं है। यानी रिकॉर्ड में नाम मौजूद हैं, लेकिन ये अपराधी इस वक्त कहां हैं, इसकी सटीक जानकारी पुलिस तंत्र के पास नहीं है।
दिसंबर 2025 तक अपराध नियंत्रण के उद्देश्य से कुमाऊं के छह जिलों में बड़ी संख्या में अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली गई थी। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक सबसे अधिक 482 हिस्ट्रीशीटर ऊधमसिंह नगर में हैं। इसके अलावा नैनीताल में 156, पिथौरागढ़ में 56, चंपावत में 41 और अल्मोड़ा व बागेश्वर में 24-24 हिस्ट्रीशीटर दर्ज हैं।
चौंकाने वाली बात यह है कि कुल हिस्ट्रीशीटरों में से 10.72 प्रतिशत अपराधियों की लोकेशन पुलिस को नहीं पता। इनमें सबसे अधिककरीब 39 हिस्ट्रीशीटर ऊधमसिंह नगर से गायब हैं, जबकि नैनीताल के 29 हिस्ट्रीशीटर भी पुलिस की निगरानी से बाहर बताए जा रहे हैं। अल्मोड़ा के चार, पिथौरागढ़ के पांच, चंपावत के चार और बागेश्वर के तीन हिस्ट्रीशीटरों का भी कोई स्पष्ट रिकॉर्ड पुलिस के पास नहीं है।
इसी बीच प्रदेशभर में चलाए जा रहे राज्यव्यापी अभियान “ऑपरेशन प्रहार” के दौरान पुलिस मुख्यालय ने अपराधियों की निगरानी और सत्यापन व्यवस्था को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। डीजीपी दीपम सेठ ने हाल में समीक्षा बैठक की, जिसमें उन्होंने फरार और वांछित अपराधियों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए हैं।
अभियान के तहत प्रदेशभर में 1400 से अधिक वांछित, फरार और पेशेवर अपराधियों की गिरफ्तारी की गई है। वहीं गैंगस्टर एक्ट के तहत 40 और गुंडा एक्ट में 130 से अधिक लोगों के खिलाफ कार्रवाई हुई है। पुलिस ने 66 अवैध हथियार बरामद करने के साथ कई संदिग्ध नेटवर्क पर भी कार्रवाई की है।
आईजी रिद्धिम अग्रवाल ने सभी जिला प्रभारियों को हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जो हिस्ट्रीशीटर लंबे समय से गायब हैं, उनके परिजनों से संपर्क कर रिकॉर्ड अपडेट किया जाए।
प्रदेश में ऑपरेशन प्रहार में बड़ी कार्रवाई
- 1400 से अधिक अपराधी गिरफ्तार
- 40 गैंगस्टर एक्ट में गिरफ्तार
- 130 से अधिक पर गुंडा एक्ट की कार्रवाई
- 66 अवैध हथियार बरामद
- 40 हजार से अधिक लोगों का सत्यापन
- 15 हजार वाहनों के चालान
- 2 हजार वाहन सीज
- 18 हजार होटल, पब और ढाबों की जांच
75 हिस्ट्रीशीटर इस समय जेल में
हल्द्वानी : कुमाऊं के कुल हिस्ट्रीशीटरों में से 75 इस समय विभिन्न जेलों में बंद हैं। इनमें ऊधमसिंह नगर के 40, चंपावत के 13, नैनीताल के 11, पिथौरागढ़ के छह, अल्मोड़ा के चार और बागेश्वर का एक हिस्ट्रीशीटर शामिल है।
