बाराबंकी : अनुराग एएसओ और सत्यम बने समीक्षा अधिकारी
अंकित कार्यालय अधीक्षक, अभिषेक टैक्स असिस्टेंट
बाराबंकी, अमृत विचार : श्री साईं इंटर कॉलेज, बड़ेल कैनाल रोड के विद्यार्थियों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए जिले का गौरव बढ़ाया है। विद्यालय के चार पूर्व छात्रों ने केंद्र और राज्य सरकार की प्रतिष्ठित परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे जनपद का नाम रोशन किया है। हाल ही में घोषित कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) की संयुक्त स्नातक स्तरीय परीक्षा (सीजीएल) तथा उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) के परिणामों में इन छात्रों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला।
एसएससी सीजीएल परीक्षा में विद्यालय के वर्ष 2019 बैच के तीन छात्रों ने सफलता हासिल की है। लखपेड़ाबाग निवासी अनुराग पटेल का चयन केंद्रीय सचिवालय सेवा (सीएसएस) में सहायक अनुभाग अधिकारी (एएसओ) के पद पर हुआ है। उनके पिता राजू वर्मा एक सरकारी अध्यापक हैं। इसी मोहल्ले के अंकित वर्मा ने भी सफलता प्राप्त करते हुए आयकर विभाग में कार्यालय अधीक्षक के पद पर स्थान पाया है।
वहीं ग्राम करंधा, पोस्ट सुढ़ियामऊ निवासी अभिषेक वर्मा, जो ओम प्रकाश के पुत्र हैं, का चयन सेंट्रल बोर्ड ऑफ डायरेक्ट टैक्सेस (सीबीडीटी) में टैक्स असिस्टेंट के पद पर हुआ है। दूसरी ओर, विद्यालय के ही पूर्व छात्र सत्यम अवस्थी ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) की परीक्षा में सफलता प्राप्त करते हुए समीक्षा अधिकारी के पद पर अपना स्थान सुनिश्चित किया है। चारों छात्रों की इस बड़ी सफलता से विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल है। कॉलेज के प्रबंधक सुरेंद्र वर्मा ने इसे संस्थान के लिए अत्यंत गौरव का क्षण बताते हुए कहा कि इन छात्रों ने यह सिद्ध कर दिया है कि कड़ी मेहनत, अनुशासन और सही मार्गदर्शन से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इनकी सफलता वर्तमान में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणा का कार्य करेगी।
यह भी पढ़ें : यूपी में बढ़ेगा तापमान: कमजोर पड़ रहा है पश्चिमी विक्षोभ का असर, जानिए कैसा रहेगा लखनऊ-कानपुर समेत इन जिलों का हाल
