बाराबंकी : आईजी ने दुर्घटना संभावित स्थलों का किया निरीक्षण, एक दिन पहले कोतवाल लाइन हाजिर, सीओ पर जांच

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

रामसनेहीघाट/बाराबंकी, अमृत विचार। लगातार सड़क दुर्घटनाओं में हो रही मौतों को लेकर सीओ ट्राफिक के खिलाफ जांच बिठाने व रामसनेहीघाट कोतवाल को लाइन हाजिर करने के बाद गुरुवार को आईजी अयोध्या सोमेन वर्मा ने गुरुवार को नेशनल हाईवे पहुंचकर दुर्घटना संभावित स्थलों का निरीक्षण किया और यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए सख्त निर्देश दिए।

गुरुवार शाम करीब पांच बजे आईजी ने सनाकापुर, मोहम्मदपुर कीरत, दिलौना बाईपास और बैसनपुरवा समेत कई संवेदनशील स्थानों का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने तेज रफ्तार पर नियंत्रण के लिए जिग-जैग बैरियर लगाने, हाईमास्ट लाइट व रिफ्लेक्टर स्थापित करने के निर्देश दिए। राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित दिलौना बाईपास पर निरीक्षण के दौरान आईजी ने बीच में बने अवैध कट और खुले रास्तों को तत्काल बंद कर डिवाइडर बनाने के निर्देश दिए।

साथ ही सनाकापुर कट को भी बंद कराने को कहा। स्पष्ट किया कि वाहनों की आवाजाही केवल निर्धारित कट या अंडरपास से ही कराई जाए, ताकि दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण हो सके। इसके बाद डाकबंगले में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय समेत अन्य अधिकारियों के साथ हाल के सड़क हादसों की समीक्षा की गई। आईजी ने निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर दुर्घटना की आशंका अधिक है, वहां तत्काल सुरक्षा उपाय लागू किए जाएं।

उन्होंने मोहम्मदपुर कीरत में बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने, थुर्थिया और बीर रोड पर स्पीड ब्रेकर बनाने तथा भिटरिया चौराहे पर बैरिकेडिंग कर वाहनों की गति नियंत्रित करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी रितेश कुमार सिंह, ट्रैफिक सीओ आलोक पाठक, सीओ जटा शंकर मिश्रा, कोतवाल रामकृपाल चौहान, एसएसआई राजकुमार पटेल आदि मौजूद रहे।

संबंधित समाचार