विधानसभा चुनाव 2026 : असम समेत तीन राज्यों में मतदान समाप्त, जानिए कहां कितने प्रतिशत पड़े वोट

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

नई दिल्ली। केरल, असम और पुडुचेरी में विधानसभा चुनावों के लिए सुबह 7 बजे से जारी मतदान समाप्त हो गया है। असम में लगभग 84.42 फीसदी, पुडुचेरी में 86 प्रतिशत वोट पड़े है जबकि केरल में शाम पांच बजे तक 75.01 प्रतिशत मतदान दर्ज किए गए हैं।

असम में 84.42 फीसदी मतदाताओं ने किया मताधिकार का इस्तेमाल 

गुवाहाटी : असम विधानसभा चुनाव के लिए मतदान बृहस्पतिवार शाम पांच बजे समाप्त हो गया, जिसमें लगभग 84.42 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि 2021 के असम विधानसभा चुनाव में 82.04 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) असम में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की कोशिशों में जुटा है। वहीं, विपक्षी दल कांग्रेस राज्य में एक दशक पहले गंवाई गई सत्ता को वापस पाने का प्रयास कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, दलगांव में सबसे अधिक 94.57 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि सबसे कम 70.40 फीसदी मतदान अमरी में दर्ज किया गया। असम विधानसभा चुनाव में कुल 722 उम्मीदवार मैदान में हैं। अधिकारियों ने बताया कि राज्य के 35 जिलों के 31,490 मतदान केंद्रों पर सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक वोट डाले गए। मतगणना चार मई को होगी। 

पुडुचेरी में करीब 86 प्रतिशत पड़े वोट

पुडुचेरी : पुडुचेरी केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी की 30 विधानसभा सीटों के लिए मतदान बृहस्पतिवार शाम छह बजे समाप्त हो गया। मतदान समाप्त होने की समय सीमा से पहले पहुंचे और कतार में खड़े लोगों को वोट डालने की अनुमति दी गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शुरुआती अनुमानों के अनुसार, 86 प्रतिशत से अधिक लोगों ने मतदान किया।

अखिल भारतीय एन.आर. कांग्रेस (एआईएनआरसी) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सत्ता बरकरार रखने के लिए और, विपक्षी कांग्रेस नीत गठबंधन केंद्र शासित प्रदेश में बदलाव के लिए जोर लगा रहा है। इस चुनाव में 9.50 लाख मतदाता सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) और विपक्षी 'इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस' (इंडिया) गठबंधन के चुनावी भाग्य का फैसला करेंगे।

केरल में  शाम पांच बजे तक 75.01 प्रतिशत मतदाताओं ने दिया वोट

तिरुवनंतपुरम: केरल विधानसभा की 140 सीटों के लिए मतदान बृहस्पतिवार शाम छह बजे समाप्त हो गया, लेकिन कई मतदान केंद्रों के बाहर अब भी लोगों की लंबी कतारें लगी हुई थीं। शाम छह बजे मतदान केंद्रों पर मौजूद लोगों को टोकन दिए गए और उन्हें वोट डालने की अनुमति दी गई। शाम पांच बजे तक 75.01 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो 2021 के विधानसभा चुनावों के 74.06 प्रतिशत मतदान से थोड़ा अधिक है। अंतिम मतदान प्रतिशत तभी उपलब्ध होगा जब मतदान केंद्रों पर बचे सभी लोग अपना वोट डाल लेंगे।  

संबंधित समाचार