UP Pro Handball League: काशी, मथुरा और गाजियाबाद की जीत, कोर्ट में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने खिलाड़ियों में भरा जोश 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार : केडी सिंह बाबू स्टेडियम स्थित भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेई इंडोर हाल में गुरुवार को प्रथम यूपी प्रो हैंडबॉल लीग का भव्य आगाज हुआ। तेज संगीत और दर्शकों के उत्साह के बीच खेले गए मुकाबलों में काशी किंग्स, मथुरा ब्रजस्टार और गाजियाबाद पैंथर्स ने जीत के साथ शानदार शुरुआत की। लीग का उद्घाटन उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने किया। इस दौरान वह स्वयं कोर्ट पर उतरे और दमदार शॉट लगाकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों का बजट बढ़ा है और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के साथ रोजगार के अवसर भी उपलब्ध करा रही है। लीग का आयोजन उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन की देखरेख में एसएन पाण्डेय खेल संस्थान ट्रस्ट द्वारा किया जा रहा है।

काशी किंग्स की रोमांचक जीत

उद्घाटन मुकाबले में काशी किंग्स ने गोरखपुर राउडीज को 19-17 से हराया। अविनाश ने 9 गोल दागे, जबकि अनीश यादव और मोहित घंघास ने तीन-तीन गोल कर योगदान दिया।

मथुरा ब्रजस्टार का दमदार प्रदर्शन

दूसरे मैच में मथुरा ब्रजस्टार ने बर्बरीक वारियर्स को 34-29 से हराया। निहाल जायसवाल और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी रवि ने 10-10 गोल किए, जबकि शिवा ने 8 गोल कर एमवीपी बने।

गाजियाबाद पैंथर्स की शानदार जीत

तीसरे मुकाबले में गाजियाबाद पैंथर्स ने नोएडा ब्लास्टर्स को 27-21 से हराया। मोहित ने 8 गोल किए, जबकि अमन और विवेक ने 5-5 गोल कर टीम की जीत सुनिश्चित की। पहले दिन के रोमांचक मुकाबलों ने लीग के आगामी मैचों के लिए उत्साह और प्रतिस्पर्धा को और बढ़ा दिया है।

 

संबंधित समाचार