पीलीभीत: स्मार्ट मीटर का पोर्टल बदहाल...नहीं खुल रहे  बिल,उपभोक्ता परेशान, दफ्तरों में लगी कतार

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

पीलीभीत, अमृत विचार। पावर कारपोरेशन की ओर से शुरु की गई स्मार्ट मीटर की कवायद उपभोक्ताओं पर भारी पड़ रही है। पहले तो अधिकतर उपभोक्ताओं की बिना सहमति के समार्ट मीटर लगा दिए गए। मीटर लगने के बाद अब उपभोक्ताओं के बिल जमा न होने पर कनेक्शन काट दिए गए हैं। जब उपभोक्ता बिल जमा करने के लिए कार्यालय पहुंच रहे तो वहां पोर्टल पर बिल परदर्शित नहीं हो रहे हैं। जिससे उपभोक्ताओं की मुश्किलें कई गुना बढ़ गई हैं।

शुक्रवार को एसडीओ कार्यालय से लेकर एक्सईन कार्यालय तक उपभोक्ताओं की बिल की समस्या को लेकर लाइन लगी दिखी। जहां अधिकतर बिजली कटने के बाद अपना बिल जमा करने के लिए आए हुए थे तो वहीं कई उपभोक्ता एक्सईन आशीष यादव के चैंबर में अपने बिल को सही कराने के लिए खड़े दिखाई दिए। शहर की रहने वाली रेनू का कहना है कि उनके बिना मर्जी के स्मार्ट मीटर लगा दिया गया। बिल भी अपलोड नहीं हो रहा है। कार्यालय के तीन दिन से चक्कर काट रहे है, मगर बिजली का बिल जमा नहीं हो रहा है। यहां तक की कोई यह भी नहीं बता पा रहा है कि उनका कितना बिल बकाया है। इधर, बकाया के चलते बिजली भी कट  गई। जिससे समस्या बनी हुई। इनके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में किसान अपनी खेतीबाड़ी छोड़कर बिजली बिल जमा करने के लिए केंद्रों और उपकेंद्रों के चक्कर काट रहे हैं। कई गांवों से आए लोगों ने बताया कि सुबह से लाइन में लगने के बावजूद शाम तक उनका बिल जमा नहीं हो पा रहा है। मजबूरी में उन्हें अगले दिन फिर से वही प्रक्रिया दोहरानी पड़ रही है। शहरी क्षेत्रों की स्थिति भी कुछ अलग नहीं है। नौकरीपेशा और व्यापारियों को अपने कामकाज से समय निकालकर बिल जमा करने पहुंचना पड़ रहा है, लेकिन पोर्टल की खराबी के कारण उन्हें भी निराशा हाथ लग रही है। इसके बावजूद बिना कोई वैकल्पिक व्यवस्था किए कनेक्शन काटे जा रहे हैं, जिससे घरों में अंधेरा छा रहा है और दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है।  कई लोगों ने यह भी बताया कि उनके मीटर की रीडिंग और पोर्टल पर दिख रहे डेटा में भी अंतर है, जिससे भ्रम की स्थिति बनी हुई है। लाइनमैन और स्थानीय कर्मचारी भी इस अव्यवस्था से परेशान नजर आ रहे हैं। उनका कहना है कि लगातार शिकायतें मिल रही हैं, लेकिन सर्वर और पोर्टल की समस्या उनके स्तर से हल नहीं हो पा रही। उच्चाधिकारियों को अवगत कराने के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हो रहा है। वहीं, पावर कॉरपोरेशन के जिम्मेदार अधिकारी तकनीकी दिक्कत का हवाला देकर समस्या के जल्द समाधान का आश्वासन दे रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर हालात जस के तस बने हुए हैं।

- स्मार्ट मीटर को लेकर थोड़ी समस्या आ रही है। कुछ दिन से पोर्टल में तकनीकी समस्या चल रही है। इसको लेकर उच्चधिकारियों से वार्ता की गई है। जल्द ही समाधान कर दिया जाएगा। विंडो से बिल जमा कराए जा रहे हैं। अगर किसी की समस्या है तो समाधान कराया जा रहा है। - आशीष यादव, एक्सईन पावर कारपोरेशन।

संबंधित समाचार