अयोध्या से लखनऊ भेजे गए 75 लाख रुपये की लूट, अब होटल मालिकों और सीमेंट कारोबारियों पर पुलिस की नजर
लखनऊ, अमृत विचार: विभूतिखंड इलाके में निजी कंपनी के कलेक्शन एजेंट से 75 लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस की जांच हवाला बिंदु पर तेज हो गयी है। सूत्रों की माने तो रकम अयोध्या से एक होटल पहुंच गई थी, फिर गोमतीनगर स्थित कार्यालय पहुंचनी थी। 4 अप्रैल को रुपये कार्यालय पहुंच पाते, उससे पहले ही स्कार्पियो सवार बदमाशों ने बैग लूट लिया था। पुलिस मामले में होटल मालिक और अयोध्या के सीमेंट कारोबारी से पूछताछ करने की तैयारी कर रही है। वहीं, घटना के बाद होटल मालिक से पुलिस ने रुपये के बारे में पूछा था तो उन्होंने व्यापारिक लेनदेन की बात कही थी।
बताते चलें कि 4 अप्रैल को सेवी ग्रांड होटल के बाहर गुजरात निवासी निकुल सिंह जडेजा से बदमाशों ने 25 लाख रुपये से भरा बैग लूट लिया था। वारदात को अंजाम देने के लिए बिना नंबर की स्कार्पियो का इस्तेमाल किया गया था। पुलिस ने इस मामले में 10 अप्रैल को सुशांत गोल्फ सिटी निवासी अतुल कुमार रावत, पिपराघाट निवासी विशाल सिंह, तकरोही निवासी राहुल यादव, आकाश यादव और अमित कुमार गुप्ता को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपितों ने खुलासा किया कि उन्होंने कुल 75 लाख रुपये लूटे थे, जिसमें से 45 लाख रुपये बरामद कर लिए गए हैं। शेष 30 लाख रुपये गिरोह के सरगना राजकुमार, सलमान और सुमित के पास हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
