Bareilly: मैथोडिस्ट गर्ल्स कॉलेज जमीन प्रकरण में बड़ा खुलासा संभव
बरेली, अमृत विचार। शहर के प्रतिष्ठित मैथोडिस्ट गर्ल्स इंटर कॉलेज की बेशकीमती जमीन को लेकर चल रहे कथित कब्जे और लीज घोटाले की जांच अब नए मोड़ पर पहुंच गई है। पुलिस विवेचना में जल्द ही कुछ नए नाम सामने आने की संभावना जताई जा रही है, जिनमें एक वकील और एक कारोबारी का नाम भी चर्चा में है।
पुलिस ने जमीन खरीदने वाली फर्म से जुड़े सभी साझीदारों की कुंडली खंगालनी शुरू कर दी है। आरोप है कि करोड़ों रुपये की कीमत वाली जमीन को लीज के जरिए बेहद कम दामों पर निपटाया गया, जिससे गंभीर वित्तीय अनियमितताओं की आशंका जताई जा रही है। यह मामला तब सामने आया जब डीआईओएस की ओर से गठित जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया।
इसके बाद से पुलिस ने साक्ष्य संकलन तेज कर दिया है और संबंधित दस्तावेजों की जांच की जा रही है। वहीं डीआईओएस की शिकायत पर पुलिस ने डॉ. न्यूटन एम परमार, सुनील मसीह और हरीश अरोरा के नाम मुकदमा दर्ज किया था। क्षितिज इंटरप्राइजेज से जुड़े लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में है। वहीं जीएसटी विभाग से मिली जानकारी के बाद जांच और तेज कर दी गई है।
इंस्पेक्टर कोतवाली धनंजय पांडे ने बताया कि जांच अभी जारी है और कई अहम तथ्य सामने आ रहे हैं। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस मामले से जुड़ी कोई रिट कोर्ट में दाखिल है या नहीं, जिसकी भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सबूतों के आधार पर केस से और नाम भी जोड़े जा सकते हैं।
