Uttrakhand: चारधाम यात्रा के लिए ग्रीन कार्ड जरूरी, पर्यटन सीजन की तैयारी तेज
हल्द्वानी, अमृत विचार। कुमाऊं मंडल में पर्यटन सीजन की शुरुआत के साथ ही 19 अप्रैल से प्रस्तावित चारधाम यात्रा को लेकर परिवहन विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। यात्रा को सुचारू, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
परिवहन विभाग ने चारधाम यात्रा मार्गों पर चलने वाले व्यावसायिक वाहनों के लिए ग्रीन कार्ड अनिवार्य कर दिया है। इसके तहत वाहनों की फिटनेस, परमिट, बीमा और अन्य सुरक्षा मानकों की जांच की जा रही है, ताकि यात्रियों की सुरक्षा में कोई कमी न रहे। आरटीओ कार्यालय हल्द्वानी में फिलहाल ग्रीन कार्ड के लिए केवल दो आवेदन प्राप्त हुए हैं। आरटीओ डॉ. गुरदेव सिंह ने बताया कि यात्रा की तिथि नजदीक आते ही वाहन संचालकों की संख्या तेजी से बढ़ने की उम्मीद है।
उन्होंने सभी संबंधित वाहन स्वामियों से समय रहते ग्रीन कार्ड बनवाने की अपील की है। इधर, नैनीताल सहित कुमाऊं के सभी प्रमुख पर्यटन स्थलों पर बढ़ती पर्यटकों की संख्या को देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए विशेष योजना तैयार की गई है। पार्किंग स्थलों का चिन्हीकरण, अतिरिक्त पार्किंग की व्यवस्था और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में रूट डायवर्जन लागू करने की रणनीति बनाई गई है। पर्यटन सीजन के दौरान जाम की समस्या से निपटने के लिए पुलिस और प्रशासन की टीमें भी सक्रिय रहेंगी। प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव कम करने के लिए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल किया जाएगा।
