Uttrakhand: गैस रिफिलिंग रैकेट का खुलासा, डिलीवरी सिस्टम पर भी संदेह
रामनगर, अमृत विचार। बीते दिनों स्थानीय प्रशासन ने गैस रिफिलिंग के अवैध धंधे का भंडाफोड़ करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इस पूरे प्रकरण में गैस सप्लाई करने वाले डिलीवरी बॉय की संलिप्तता की भी चर्चा सामने आ रही है।गिरफ्तार किए गए दो आरोपियों में से एक अमन ने पूछताछ में एचपी गैस एजेंसी में सिलेंडरों की होम डिलीवरी करने की बात कही थी, जबकि दूसरा आरोपी शहजाद टेंपो चालक है।
कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि आरोपियों का बड़ा भाई इंडेन गैस एजेंसी में सिलेंडरों की होम डिलीवरी का काम करता है। इंडेन गैस एजेंसी के प्रबंधक दीप कुमार आर्य ने बताया कि ठेकेदार के माध्यम से सिलेंडर होम डिलीवरी करने वाले कर्मचारी को हटा दिया गया है।
साथ ही मामले में ठेकेदार से स्पष्टीकरण मांगा गया है। उन्होंने बताया कि पिछले तीन वर्षों से आरोपी ठेकेदार के माध्यम से सिलेंडर सप्लाई का कार्य कर रहा था। कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं, एचपी गैस एजेंसी के मालिक निजामुद्दीन ने बताया कि अमन उनकी एजेंसी में काम नहीं करता था। उसके पास सिलेंडर कैसे पहुंचे, इसकी जांच की जा रही है।
