प्रयागराज : कमरे में 4 दिन से पड़ा था महिला का शव, दुर्गंध फैलने पर पड़ोसियों को हुई जानकारी, जानें पूरा मामला
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश में प्रयागराज के मऊआइमा थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। बोड़ीपुर धरौता गांव में महिला का शव चार दिन बाद घर से दुर्गंध आने पर बरामद हुआ। मृतका की पहचान लल्ली देवी पाल (65) पत्नी नंद लाल पाल के रूप में हुई है।
पड़ोसियों ने रविवार को उनके घर से तेज दुर्गंध आने पर अंदर झांका तो लल्ली देवी का शव छत विक्षत अवस्था में बांस के सहारे फांसी पर लटका मिला। उनके शरीर में कीड़े पड़ चुके थे, जिससे पता चला कि मौत कुछ दिन पहले हुई थी।
ग्रामीणों और पूर्व प्रधान भगेलू पासी के अनुसार, लल्ली देवी बेहद गरीब थीं। उनके पति नंदलाल पाल 20 साल पहले मानसिक रूप से परेशान होकर लापता हो गए थे, जिनका आज तक कोई पता नहीं चला। उनके दो बेटे और दो बेटियां हैं।लल्ली देवी का बड़ा बेटा समर बहादुर पाल (42) दिल्ली में एक निजी कंपनी में काम करता है, जबकि छोटा बेटा राज बहादुर पाल मानसिक रूप से बीमार है।
परिवार ने स्वयं सहायता समूह से कर्ज लेकर मकान बनाना शुरू किया था, लेकिन पैसे खत्म होने के बाद मकान अधूरा रह गया। पड़ोसी रामजी पाल ने बताया कि लल्ली देवी पांच दिन पहले अपने घर के बाहर देखी गई थीं। घटना की सूचना तत्काल मऊआइमा पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रभारी निरीक्षक थाना मऊआइमा पंकज अवस्थी ने कहा- सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। और शव पांच से छह दिन पुराना बताया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा।
