कन्नौज : अनियंत्रित ट्रक गुमटियों में घुसा, छात्रा और फल विक्रेता की मौत, 5 घायल

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

छिबरामऊ/कन्नौज। छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के तालग्राम रोड स्थित भाउलपुर तिराहे पर रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सुबह करीब 8:30 बजे तालग्राम से छिबरामऊ की ओर जा रहा कोयले से लदा एक अनियंत्रित ट्रक सड़क किनारे स्थित तीन गुमटियों में जा घुसा।

इस दर्दनाक हादसे में फल विक्रेता कन्हैया गुप्ता (65 वर्ष) और ट्यूशन जा रही एक छात्रा अंशिका की दबकर मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों के अनुसार, ट्रक की रफ्तार काफी तेज थी और सड़क किनारे गहराई होने के कारण चालक नियंत्रण खो बैठा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दुकान और लोग ट्रक के नीचे दब गए।

सूचना मिलते ही जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सहित भारी पुलिस बल और प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुँचे। पुलिस ने दो क्रेन और एक जेसीबी की मदद से ट्रक से गिरे कोयले को हटवाकर नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला। सभी घायलों को तत्काल छिबरामऊ के सौ शैय्या अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मौके पर एआरटीओ, एसडीएम और फायर ब्रिगेड की टीमें मौजूद रहीं। विधायक अर्चना पांडे, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रिया शाक्य और पूर्व विधायक अरविंद सिंह यादव सहित कई जनप्रतिनिधियों ने भी घटनास्थल पर पहुँचकर घायलों को सहायता का आश्वासन दिया।

संबंधित समाचार