रामनगरी में आसमान से बरसे 500-500 के नोट! बंदरों ने कार से उड़ाया 50 हजार

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

पीएसी के आरक्षी ने तत्परता दिखाते हुए एकत्र किए रुपये, श्रद्धालु को लौटाया

अयोध्या,अमृत विचार : रामनगरी के पुराने सरयू पुल के पास शनिवार की शाम उस समय अफरा तफरी की स्थिति हो गई, जब आसमान से पांच-पांच सौ के नोट बरसने लगे। ऊपर देखा तो पेड़ पर एक बंदर नोटों से भरा बैग लेकर बैठा था। यह देख वहां मौजूद पीएसी के एक सिपाही ने तत्परता दिखाते हुए नोटों को एकत्र किया। कुछ नोट तेज हवा के चलते उड़ गए थे। उन्हें भी बटोरा।

42वीं वाहिनी पीएसी नैनी, प्रयागराज की ‘सी’ कंपनी का शिविर वर्तमान में अयोध्या के मणिपर्वत क्षेत्र में लगा हुआ है। इसमें तैनात जवानों की ड्यूटी पुराने सरयू पुल ड्यूटी पॉइंट पर है। शनिवार की शाम वहां खड़ी एक कार की शीशा खुला हुआ था। कार सवार सरयू नदी में स्नान व पूजन को गए थे। इस दौरान बंदरों के एक झुंड ने कार के भीतर बैग को खाने की वस्तु समझकर निकाल लिया व पास ही लगे एक पेड़ पर चढ़ गए। बंदरों ने बैग को दांत से काट डाला तो उसमें रखे पांच-पांच सौ के नोट नीचे गिरने लगे। यह देख मौके पर तैनात पीएसी के आरक्षी अरविंद शिवहरे ने तत्परता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए सड़क पर बिखर रहे नोटों को तुरंत एकत्र किया। साथ हवा में उड़े नोटों को भी एकत्र किया। रुपयों का जब गिना तो वह 50 हजार रुपये थे। कुछ ही देर में उक्त कार सवार वहां पहुंचे तो आरक्षी ने पूछताछ करने के बाद पूरी राशि उन्हें सौंप दी। आरक्षी की इस ईमानदारी और सजगता की कार मालिक समेत वहां मौजूद जनमानस ने सराहना की।

संबंधित समाचार