कानपुर में चोरों का आतंक : सिद्धि विनायक मंदिर से सात मुकुट चोरी, जांच में जुटी पुलिस

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

कानपुर। उत्तर प्रदेश में कानपुर के सुतरखाना क्षेत्र में स्थित सिद्धि विनायक मंदिर से सात मूर्तियों के मुकुट चोरी होने से सनसनी फैल गयी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली आशुतोष कुमार सिंह ने पत्रकारों को बताया कि अज्ञात चोरों ने प्रसिद्ध सिद्धि विनायक मंदिर में देव प्रतिमाओं के मुकुट चोरी कर लिये।

सूचना प्राप्त होते ही स्थानीय पुलिस और सर्विलांस टीम तत्काल मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। सीसीटीवी फुटेज की जांच में एक संदिग्ध व्यक्ति सुबह करीब 09:45 बजे मंदिर में प्रवेश करता और 09:56 बजे बाहर निकलता दिखाई दिया। आरोप है कि उसी व्यक्ति ने सात मूर्तियों के मुकुट चोरी किए, जिनका अनुमानित वजन करीब 600 ग्राम बताया गया है।

मंदिर प्रबंधन की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना के खुलासे के लिए थाना स्तर और सर्विलांस की कुल चार टीमें गठित की गई हैं। पुलिस सीसीटीवी कैमरों और आईटीएमएस की मदद से संदिग्ध की पहचान एवं गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। सहायक पुलिस आयुक्त ने कहा कि जल्द ही घटना का सफल खुलासा किया जाएगा।  

संबंधित समाचार