कानपुर नगर आयुक्त की बड़ा कार्रवाई, इस मामले में लापरवाही बरतने पर दो अभियंताओं का रोका वेतन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर। कानपुर के नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने प्रकाश विभाग में शिकायतों के निस्तारण में गंभीर लापरवाही पाए जाने पर अब तक की बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अभियंताओं का वेतन रोकने तथा 10 आउटसोर्स कर्मचारियों को सेवा से पृथक करने के निर्देश दिए हैं। नगर आयुक्त द्वारा आईजीआरएस प्रकरणों की समीक्षा के दौरान पाया गया कि विभाग को प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में गंभीर लापरवाही बरती गई।

कई मामलों में पोर्टल पर भ्रामक और अपूर्ण आख्या अपलोड की गई थी। कुल 58 शिकायतों पर असंतोषजनक फीडबैक प्राप्त हुआ, जिसे गंभीर स्थिति माना गया। इसके बाद नगर आयुक्त ने अवर अभियंता आशुतोष कुमार तथा सहायक अभियंता (मार्ग प्रकाश) राजेश कुमार सिंह के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने और उनका वेतन अग्रिम आदेशों तक तत्काल प्रभाव से रोकने के निर्देश दिए।

इसके अतिरिक्त औचक निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए गए कर्मचारियों के विरुद्ध भी वेतन रोकने की कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए हैं। नगर आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि आईजीआरएस प्रकरणों का निस्तारण समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी ढंग से किया जाए। प्रत्येक शिकायत पर स्थलीय सत्यापन के बाद ही आख्या अपलोड की जाए। भविष्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

इसी क्रम में 10 अप्रैल को गोविंद नगर स्थित जागेश्वर अस्पताल परिसर में जोनल कार्यालय जोन-05 के औचक निरीक्षण में कई कर्मचारी अनुपस्थित मिले। साथ ही कार्य के प्रति लापरवाही बरतने वाले 10 आउटसोर्स कर्मचारियों को सेवा से पृथक कर दिया गया। 

संबंधित समाचार