UP Panchayat Elections:मतदाता सूची जारी करने की तारीख बढ़ी, चुनाव टलने के भी संकेत

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार: प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। निर्वाचन आयोग ने अंतिम मतदाता सूची जारी करने की तारीख एक बार फिर बढ़ा दी है, जिससे चुनाव टलने के संकेत मिल रहे हैं। अब संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, 22 अप्रैल को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी, जबकि पहले इसे 15 अप्रैल को जारी किया जाना था।

राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जानकारी दी गई है कि मतदाता सूची के कंप्यूटरीकरण, मतदेय स्थलों की मैपिंग, वार्डों के क्रमांकन और फोटो प्रतियों की तैयारी का कार्य 21 अप्रैल तक पूरा किया जाएगा। तारीख बढ़ने के साथ ही पंचायत चुनाव समय पर कराना मुश्किल माना जा रहा है। 26 मई को वर्तमान ग्राम पंचायतों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है, ऐसे में चुनाव समय पर न होने की स्थिति में पंचायतों में प्रशासक नियुक्त किए जा सकते हैं।

लाखों आपत्तियों के कारण देरी

अनंतिम सूची में करीब 12.69 करोड़ मतदाता दर्ज थे, जिस पर पूरे प्रदेश से बड़ी संख्या में दावे और आपत्तियां प्राप्त हुईं। इनके निस्तारण में समय लगने के कारण अंतिम सूची जारी करने में देरी हो रही है।

प्रधानों ने उठाई मांग

इधर, प्रधान संगठनों ने समय पर चुनाव कराने की मांग उठाई है। उनका कहना है कि यदि चुनाव संभव नहीं है तो वर्तमान प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाया जाए या उन्हें ही प्रशासक बनाया जाए। कुल मिलाकर, पंचायत चुनाव को लेकर अनिश्चितता बढ़ गई है और अब नजर 22 अप्रैल को जारी होने वाली अंतिम मतदाता सूची पर टिकी है।

संबंधित समाचार