नीट पेपर लीक मामले में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के आवास पर उच्च स्तरीय बैठक
नयी दिल्ली। मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश के लिए राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट ) पेपर लीक होने के मामले में देशभर में मचे हंगामे के बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के आवास पर गुरुवार को एक उच्च-स्तरीय बैठक हुई जिसमें परीक्षा कराने को लेकर व्यापक चर्चा की गयी।
सूत्रों के अनुसार बैठक में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, राष्ट्रीय परीक्षा एजेन्सी के महानिदेशक अभिषेक सिंह और प्रधानमंत्री कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया। बताया जा रहा है कि बैठक में करीब 40 मिनट तक आगामी नीट परीक्षा को लेकर गहन मंथन किया गया। सूत्रों ने बताया कि बैठक का मुख्य मकसद नीट परीक्षा के अचानक रद्द होने के बाद छात्रों और अभिभावकों के बीच पैदा हुई चिंताओं को दूर करना और परीक्षा प्रक्रिया की विश्वसनीयता को फिर से बहाल करने की दिशा में काम करना था। माना जा रहा है कि अधिकारी इस कथित लीक के मामले में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने पर भी विचार कर रहे हैं। देशभर के लाखों मेडिकल उम्मीदवारों को प्रभावित करने वाले इस मामले में राष्ट्रीय जांच एजेन्सी ने 3 मई को आयोजित परीक्षा रद्द कर दी थी। यह पहली बार है जब राष्ट्रीय मेडिकल प्रवेश परीक्षा को उसके मौजूदा स्वरूप में पूरे देश में रद्द किया गया है। एजेंसी ने घोषणा की थी कि केंद्रीय एजेंसियों से मिले इनपुट और कानून प्रवर्तन अधिकारियों द्वारा साझा की गई जांच रिपोर्ट की समीक्षा करने के बाद यह परीक्षा 21 जून को फिर से आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।
