Noida News: दो स्कूल बस आपस में टकराई, सात बच्चे और चालक घायल 

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

नोएडा: गौतमबुद्ध नगर के दादरी में रूपवास गांव के पास सोमवार सुबह दो स्कूल बसों के एक दूसरे से टकरा जाने के कारण, उनमें से एक बस में सवार सात बच्चे और चालक घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। हादसे के बाद घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई हालांकि छह वर्षीय एक लड़की का अब भी इलाज किया जा रहा है। 

दादरी थाने के प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि रामाज्ञा स्कूल की बस की, सोमवार सुबह विद्यार्थियों को लेकर जा रही जीसस मैरी स्कूल की बस से टक्कर हो गई। जीसस मैरी स्कूल की बस में 25 विद्यार्थी सवार थे और हादसे में सात बच्चे और उसका चालक घायल हो गए। अधिकारी ने बताया कि घायलों को उपचार के लिए मोहन स्वरूप अस्पताल में भर्ती करवाया गया। 

उन्होंने बताया कि छह बच्चों और चालक को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी मिल गई जबकि छह वर्षीय बच्ची पीहू का अब भी इलाज किया जा रहा है। अधिकारी ने बताया कि सभी बच्चे पहली से पांचवी कक्षा तक के विद्यार्थी हैं। उन्होंने बताया कि बस में सवार बच्चों को उनके माता-पिता घर ले गए। कुछ अन्य बच्चों को मामूली चोटें लगी हैं। 

संबंधित समाचार