नोएडा के बाद बुलंदशहर में मजदूरों का धरना प्रदर्शन, अधिकारियों के आश्वासन के बाद शांत हुआ मामला
बुलन्दशहर। बुलंदशहर जिले के खानपुर थाना क्षेत्र के शेखपुर-गढ़वा गांव स्थित औद्योगिक इकाई में मजदूरों ने विभिन्न मांगों को लेकर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। सूत्रों के अनुसार सिकंदराबाद औद्योगिक क्षेत्र स्थित टैग ट्रॉपिकल एग्रोसिस्टम (इंडिया) कंपनी में कार्यरत श्रमिकों ने मानदेय वृद्धि, पीएफ-ईएसआई सहित अन्य सुविधाओं की मांग को लेकर कंपनी गेट पर प्रदर्शन किया। इस दौरान श्रमिकों ने ठेकेदारों पर शोषण के आरोप लगाते हुए नारेबाजी की।
प्रदर्शन कर रहे श्रमिकों ने 12 घंटे कार्य के बदले महिला श्रमिकों को 15 हजार रुपये तथा पुरुष श्रमिकों को 20 हजार रुपये न्यूनतम वेतन दिए जाने की मांग रखी। सूचना पर एसपी सिटी शंकर प्रसाद, सहायक श्रम आयुक्त पल्लवी अग्रवाल, एसडीएम एवं क्षेत्राधिकारी मौके पर पहुंचे और श्रमिकों से बातचीत की। अधिकारियों द्वारा आश्वासन दिए जाने के बाद श्रमिक शांत हुए और पुनः कार्य पर लौट गए। पुलिस एवं प्रशासन द्वारा स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
