यूपी में सरकारी कर्मचारियों को सिखाई जाएगी AI : मिशन कर्मयोगी से कार्मिकों को मिला तकनीक-मनोवैज्ञानिक दक्षता बढ़ाने पर जोर
लखनऊ, अमृत विचार। मिशन कर्मयोगी साधना सप्ताह के तहत सूचना एवं जनसंपर्क विभाग में कार्मिकों के प्रशिक्षण की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। अपर निदेशक सूचना अरविन्द कुमार मिश्र ने बताया कि 2 से 8 अप्रैल तक आयोजित इस अभियान के तहत सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को कम से कम चार घंटे का प्रशिक्षण अनिवार्य रूप से प्राप्त करना है। इसमें एआई दक्ष कार्यक्रम के तीन कोर्स सहित आईगोट मार्केटप्लेस से एक पाठ्यक्रम शामिल होगा।
अपर निदेशक सूचना सोमवार को जूम मीटिंग के माध्यम से जिला सूचना कार्यालयों के कर्मचारियों को आईगोट (आईजीओटी) पोर्टल पर उपलब्ध पाठ्यक्रमों की जानकारी दे रहे थे। उन्होंने कहा कि बदलते समय में तकनीकी और मनोवैज्ञानिक रूप से दक्ष होना आवश्यक है।
इससे कार्मिकों की कार्यक्षमता और व्यवहार में सकारात्मक परिवर्तन आएगा और वे चुनौतियों का बेहतर सामना कर सकेंगे। उन्होंने कार्मिकों से आईगोट पोर्टल के पाठ्यक्रमों को गंभीरता से पूरा करने का आह्वान किया, ताकि वे आत्मनिर्भर बनकर अपने दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर सकें। इस दौरान विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारी भी मौजूद रहे।
