लखनऊ में आपूर्ति के दबाव में गैस एजेंसी संचालक, दूसरी एजेंसी में शिफ्ट होंगे ग्राहक के कनेक्शन 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार : गैस की किल्लत के बीच एक ओर उपभोक्ता परेशान हैं वहीं आपूर्ति के दबाव से गैस एजेंसी संचालक भी बीमार पड़ रहे हैं। इंडेन ऑयल की गोमती नगर स्थित मां दुर्गा एजेंसी के संचालक की तबियत खराब हो जाने से उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इससे उपभोक्ता परेशान हो रहे हैं।

इस समस्या को देखते हुए कंपनी अब एजेंसी के उपभोक्ताओं को आस-पास की इंडेन ऑयल की गैस एजेंसी में शिफ्ट करने जा रही है। वहीं दूसरी ओर भारत गैस की कपूरथला स्थित अशोका गैस सर्विस उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं करा पा रही है। 

वर्तमान में एजेंसी के पास लगभग 30,000 उपभोक्ता हैं। यहां गैस सिलेंडर लेने के लिए लोग बुकिंग के बाद 10 दिन से इंतजार कर रहे हैं। एजेंसी के पास चौक स्थित बंद हो चुकी गैस एजेंसी के उपभोक्ता भी शामिल हैं। एजेंसी पर लोड अधिक है, जिससे उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर के लिए एजेंसी के गोदाम पर लंबी कतार लगानी पड़ रही है। समस्या को देखते हुए अब भारत पेट्रोलियम के अधिकारी गैस एजेंसी का लोड कम करने की तैयारी कर रहे हैं। चौक और बालागंज क्षेत्र के उपभोक्ताओं को आस-पास की दूसरी एजेंसी में शिफ्ट किया जाएगा।

गैस एजेंसियों के पास क्षमता से अधिक उपभोक्ता हैं। इससे उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर की आपूर्ति नहीं कर पा रहे हैं। जिन गैस एजेंसियों के पास ज्यादा उपभोक्ता हैं उन्हें आस-पास की दूसरी एजेंसी में शिफ्ट किया जाएगा।-ज्योति गौतम, एडीएम आपूर्ति

ये भी पढ़ें :
LPG के बाद PNG हुई मंहगी...दिल्ली समेत यूपी के कई जिलों में आईजीएल ने बढ़ाये Price, जानिए नए दाम

संबंधित समाचार