Moradabad: सरकारी आवास में फंदा लगाकर पीएसी जवान ने दी जान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। पीएसी 9वीं वाहिनी में तैनात सिपाही ने सरकारी आवास की छत में लगे कुंडे में कपड़े का फंदा लगाकर जान दे दी। खबर सुनकर पीएसी परिसर में हड़कंप मच गया। साथियों ने बंद दरवाजा तोड़कर स्थानीय पुलिस को सूचना दी। पीएसी के कंपनी कमांडर ने भाई को जानकारी दी। भाई के सामने फंदे से शव उतारा गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस जांच कर रही है।

मेरठ जिले के किठौर थाना क्षेत्र के भटीपुरा निवासी विकास गौतम नौवीं वाहनी पीएसी में आईटीआई के पद पर कार्यरत था। 2019 में उसे नौकरी मिली थी। सोमवार सुबह परेड ग्राउंड में प्रशिक्षु सिपाहियों की गिनती कर उन्हें प्रशिक्षण देने के बाद विकास कपड़े बदलने की बात कहकर सरकारी आवास पर चला गया था। कुछ समय बाद उसके साथ रहने वाले साथी जवान विपिन कुमार( जो करीब दस दिन की छुट्टी के बाद लौटे थे)जब कमरे पर पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। 

कई बार आवाज देने के बावजूद कमरा खुला और न कोई आवाज आई। इसके बाद विपिन ने अन्य जवानों को बुलाया। जवानों ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो विकास का शव फंदे से लटका हुआ था। यह देखकर कुछ जवानों की चीख निकल गई और रोने लगे। तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों और स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है तथा परिजनों और साथियों से पूछताछ की जा रही है। जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

बहनों की शादी के बाद तीन को लौटा था विकास
विकास गौतम हाल ही में एक अप्रैल को अपनी दो बहनों रश्मि और शिवानी की शादी के बाद तीन अप्रैल को लौटकर आया था। भाई आकाश ने बताया कि वह हंसी खुशी शादी में शामिल हुआ था। बताया कि विकास की शादी के लिए पिता चिंतित थे, लेकिन वह पहले दोनों बहनों की शादी करने की बात कहता था।

संबंधित समाचार