बाराबंकी : सवा दो साल से लापता आकाश का सुराग नहीं, परिवार अब भी उम्मीद में... वापस आएगा बेटा
बनीकोडर/बाराबंकी, अमृत विचार। असंद्रा थाना क्षेत्र के पूरा समधी गांव में इन दिनों सन्नाटा है, लेकिन इस सन्नाटे के बीच एक घर ऐसा भी है जहां हर आहट पर दिल धड़क उठता है। शायद आकाश लौट आया हो। दो साल चार माह पहले घर से निकला आकाश कहां है, कोई नहीं जानता।
29 दिसंबर 2023 को आकाश घर से एक सामान्य काम के लिए निकला था, लेकिन फिर कभी वापस नहीं लौटा। उस एक दिन ने पूरे परिवार की जिंदगी बदल दी। आकाश की मां की आंखें अब सूख चुकी हैं, लेकिन इंतजार अभी भी बाकी है। पिता मायाराम रावत हर गुजरते दिन के साथ टूटते जा रहे हैं।
परिजनों ने घटना के तुरंत बाद असंद्रा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने भी तलाश शुरू की, लेकिन इतने लंबे समय के बाद भी कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका। परिवार ने रिश्तेदारों, दोस्तों और हर संभावित जगह पर खोजबीन की, लेकिन हर बार खाली हाथ ही लौटना पड़ा। गांव के लोग भी इस दर्द को महसूस कर रहे।
हर किसी के मन में एक ही चिंता है कि एक जवान बेटा आखिर कहां चला गया। आकाश की मां हर दिन दरवाजे पर बैठकर राह देखती हैं। शायद बेटा एक दिन अचानक सामने आ जाए। अब परिजनों की आखिरी उम्मीद प्रशासन से है। उन्होंने गुहार लगाई है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए आकाश को जल्द से जल्द खोजा जाए।
