बाराबंकी : मंत्री सतीश शर्मा बोले- मुख्यमंत्री की प्राथमिकता में हैदरगढ़, मिलेगा पूरा सहयोग
32 करोड़ की लागत से गोमती नदी पर बनने वाले पुल का शिलान्यास
हैदरगढ़/बाराबंकी, अमृत विचार। बाजपुरा घाट से बाबा टीकाराम धाम को जोड़ने के लिए गोमती नदी पर 32 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनने वाले पुल का शिलान्यास राज्य मंत्री सतीश चंद्र शर्मा और विधायक दिनेश रावत द्वारा किया गया। राज्य मंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने कहा कि विधायक दिनेश रावत युवा और सक्रिय जनप्रतिनिधि हैं और सभी को मिलकर उन्हें मजबूत करना चाहिए ताकि हैदरगढ़ निरंतर विकास की ओर अग्रसर रहे।
उन्होंने यह भी कहा कि हैदरगढ़ विधानसभा मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाली विधानसभा है और इसके विकास कार्यों में वे हर संभव सहयोग देंगे। विधायक दिनेश रावत ने कहा कि वे हैदरगढ़ के विकास के लिए सदैव तत्पर हैं और यहां की जनता उनके लिए परिवार समान है।
कार्यक्रम को ब्लॉक प्रमुख आरती रावत, जिला पंचायत सदस्य व प्रमुख प्रतिनिधि रामदेव सिंह, पूर्व प्रमुख सुनील सिंह, टीकाराम बाबा संघर्ष समिति के अध्यक्ष मनोज सिंह, प्रधान सोनू सिंह सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया। इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष सुशील जायसवाल, मंडल अध्यक्ष रजत मिश्र, एसडीएम राजेश विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
