दुग्ध स्वर्ण महोत्सव :नवाचार-निवेश पर होगा मंथन, इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में 10 हजार पशुपालक होंगे शामिल

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार: दुग्धशाला विकास विभाग की स्थापना के 50 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 17-18 अप्रैल को ‘दुग्ध स्वर्ण महोत्सव-2026’ का आयोजन किया जाएगा। राजधानी के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान स्थित मार्स हॉल में आयोजित इस दो दिवसीय महोत्सव में प्रदेश भर से करीब 10 हजार पशुपालक, दुग्ध उत्पादक और निवेशक एक साथ जुटेंगे। बुधवार को इस आयोजन का आधिकारिक कर्टेन रेजर जारी किया गया।

महोत्सव का मुख्य उद्देश्य डेयरी क्षेत्र में नवाचार, निवेश और तकनीकी उन्नयन को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम में विषय विशेषज्ञ आधुनिक डेयरी तकनीकों, उत्पादन क्षमता बढ़ाने के उपायों और बाजार विस्तार से जुड़ी अहम जानकारियां साझा करेंगे। इसके साथ ही निवेशकों के साथ सिंगल विंडो सिस्टम के जरिए एमओयू भी किए जाएंगे, जिससे डेयरी सेक्टर में नए अवसर खुलेंगे।कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पशुपालकों और निवेशकों को सम्मानित किया जाएगा।

‘नंद बाबा दुग्ध मिशन’ के अंतर्गत विकासखंड स्तर के विजेताओं को डीबीटी के माध्यम से पुरस्कार राशि वितरित की जाएगी। साथ ही प्रगतिशील गौपालकों और सफल उद्यमियों की कहानियों की पुस्तिका का विमोचन भी होगा। महोत्सव में डेयरी उत्पादों और नवाचारों की प्रदर्शनी के लिए स्टॉल और कियोस्क लगाए जाएंगे, जहां निजी क्षेत्र के निवेशक अपने उत्पादों और तकनीकों का प्रदर्शन करेंगे। स्वदेशी व्यंजनों का फूड कोर्ट भी आकर्षण का केंद्र रहेगा।

ये भी पढ़ें : 
यूपी शिक्षा चयन आयोग ने जारी किया आदेश, एआई कैमरों से होगी परीक्षाओं की निगरानी 

संबंधित समाचार