लखनऊ : वायरल वीडियो पर ऊर्जा मंत्री एके शर्मा का सख्त एक्शन, एसडीओ निलंबित
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक आपत्तिजनक वीडियो मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मामले में लापरवाही और अनुशासनहीनता को गंभीरता से लेते हुए संबंधित एसडीओ को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंत्री ने पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक शंभू कुमार से बातचीत कर पूरे प्रकरण की गहन जांच कराने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। इसके बाद एमडी द्वारा उपखंड अधिकारी (एसडीओ) अमित कुमार को तत्काल निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।
मुख्य अभियंता, आजमगढ़ द्वारा भी पुष्टि की गई है कि मऊ जिले के डिवीजन प्रथम में तैनात एसडीओ द्वितीय अमित कुमार के खिलाफ वायरल आपत्तिजनक वीडियो के मामले में यह कार्रवाई की गई है और जांच जारी है। ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि शासन की छवि को धूमिल करने वाले और अनुशासनहीनता में लिप्त अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ "जीरो टॉलरेंस" की नीति के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
