Bareilly:सिविल लाइंस और रामपुर गार्डन में अवैध कब्जों पर चला बुलडोजर

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। नगर निगम की टीम ने गुरुवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर सिविल लाइंस, रामपुर गार्डन आदि पॉश इलाके में अवैध कब्जों पर बुलडोजर चलाया। टीम ने अतिक्रमण करने वालों से जुर्माना वसूलने के साथ ही उनका सामान भी जब्त किया। निगम की कार्रवाई से दिनभर अतिक्रमण करने वालों में हलचल मची रही।

शहर की कई सड़कों पर फुटपाथों पर दुकानदारों ने कब्जा कर लिया है। पैदल चलने के लिए बनाए गए फुटपाथों पर दिन भर दुकानें सजी रहती हैं। विकास भवन मार्ग, चौकी चौराहे से पटेल चौक, गांधी उद्यान मार्ग, वर्कशॉप लाइन में फुटपाथों पर कब्जे हैं। फुटपाथ ऐसे घिरे हैं कि पैदल चलने के लिए जगह ही नहीं बचती है। मजबूरन पैदल वाले राहगीर सड़क पर चलते हैं। कई बार नगर निगम में लोगाें ने शिकायतें कीं लेकिन सुनवाई नहीं हुई। 

पार्किंग पर भी अतिक्रमण कर लिया गया। पीएफ ऑफिस के बाहर निगम की ओर से बनाए गए फुटपाथ पर अतिक्रमण कर उन्हें घेर लिया। कहीं खाने के स्टॉल लगे हैं तो कहीं चाय, जूस आदि ठेले खड़े रहते हैं। अतिक्रमण की वजह से दिन भर यहां जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे लोगों को भी परेशानी का सामना भी करना पड़ता है।

गुरुवार को नगर आयुक्त संजीव मौर्य ने पार्किंग स्थलों व फुटपाथों पर सजी दुकानें हटवाने के निर्देश दिए। नगर निगम की अतिक्रमण हटाओ अभियान टीम ने चौकी चौराहे से लेकर गांधी उद्यान तक बुलडोजर से अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया। 

मौके पर अतिक्रमण करने वालों से नोक-झोंक भी हुई, लेकिन टीम ने किसी की नहीं सुनी और अवैध कब्जों को साफ करा दिया। साथ ही सामान भी जब्त किया गया है। अतिक्रमण करने वालों से 12 हजार रुपये का जुर्माना वसूला। राजस्व निरीक्षक सच्चिदानंद ने बताया कि सड़क पर किसी को भी अतिक्रमण करने नहीं दिया जाएगा। अतिक्रमण करने वालों पर कार्रवाई जारी रहेगी।

संबंधित समाचार