Bareilly: भोजीपुरा में शादी के मंडप में दबंगों का हमला, दुल्हन की भी कर दी पिटाई
बरेली। थाना भोजीपुरा क्षेत्र में मेहमान की कार सड़क पर खड़ी होने से बौखलाएं दबंगों ने विवाह समारोह में जमकर तांडव किया।लाठी-डंडों से लैस होकर टूटे दर्जनों हमलावरों के सामने जो भी आया, उसको पीटा गया। घर में घुसकर दुल्हन से भी मारपीट की। पंडाल उखाड़ डाला। खाने की क्राकरी-प्लेट तहस-नहस कर डालीं। पीड़ित दुल्हन ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, पुलिस 24 घंटे बाद भी किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी। तुरंत घटना की रिपोर्ट भी दर्ज नहीं की गई।
पीड़ित पक्ष के अनुसार, भोजीपुरा गांव मेमौर गांव के रहने वाले केवल राम मौर्य की बेटी ज्ञानवती की कल शादी थी। थाना अलीगंज क्षेत्र से बारात पहुंचने से पहले शाम के समय पंडाल में मेहमान और गांववालों की दावत चल रही थी। शादी में आए दुल्हन के एक रिश्तेदार ने सड़क किनारे अपनी कार खड़ी कर दी थी, जिसे लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि गांव का दबंग कैलाश यादव ट्रैक्टर ट्राली लेकर वहां पहुंचा और तुरंत कार हटाने को कहा। थोड़ी देर होने पर उसने ट्रैक्टर से साइड मारकर कार को नुकसान पहुंचा दिया।
कार स्वामी ने विरोध किया तो विवाद बढ़ गया। हाथापाई-मारपीट शुरू हो गई। ट्रैक्टर चला रहे कैलाश ने फोन करके अपने पक्ष की भीड़ बुला ली। देखते ही देखते दर्जनों लोग लाठी-डंडे लेकर वहां आ धमके और विवाह समारोह में जुटे लोगों को पीटना शुरू कर दिया। जो सामने आया, हमलावरों ने उसी को धुन डाला। दावत खा रहे मेहमानों को भी नहीं छोड़ा। सबके साथ मारपीट की गई। हमलावरों का गुस्सा इतने पर भी शांत नहीं हुआ और घर में घुसकर महिलाओं के साथ दुल्हन की भी पिटाई कर दी। पंडाल फाड़ दिया। क्राकरी तोड़ दी। घटना से कार्यक्रम में भगदड़ मच गई।
सूचना पर पर डायल 112 की टीम वहां पहुंची, मगर तब तक हमलावर वहां से गायब हो चुके थे। बाद में दुल्हन ने हमला, मारपीट, तोड़फोड़ में शामिल 38 लोगों के खिलाफ कार्रवाई के लिए भोजीपुरा पुलिस को तहरीर दी। बवाल के बाद जैसे-तैसे वैवाहिक कार्यक्रम निपटाए जा सके। पीड़ित लोगों का आरोप है कि दुस्साहसिक घटना के बाद भी पुलिस तुरंत कार्रवाई से बचती नजर आई।
डरे-सहमे रिश्तेदार रात में ही लौट गए
दबंगों के हमले से आतंकित दुल्हन के कई रिश्तेदार रात में ही वहां से वापस हो गए। पीड़ित पक्ष का कहना है कि दबंग आरोपियों ने मेहमानों की इज्जत का ख्याल नहीं किया। आमतौर पर बाहर से आए मेहमानों की पूरा गांव इज्जत करता है लेकिन हमलावरों ने किसी को नहीं बख्शा। हमले में कई लोग चोटिल हो गए। कई मेहमान बीच कार्यक्रम से ही वापस चले गए।
एसपी, उत्तरी मुकेश मिश्रा ने बताया कि बारात में मामूली विवाद को लेक बवाल करने वाले लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
