Uttrakhand: सत्य साधु निकला बांग्लादेशी रहमान, पौड़ी में सत्यापन अभियान में खुला राज

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

देहरादून, अमृत विचार। उत्तराखंड पुलिस के विशेष अभियान "ऑपरेशन प्रहार" के अंतर्गत पौड़ी पुलिस ने संदिग्ध लोगों के सत्यापन के दौरान एक बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है। यह विदेशी व्यक्ति ''सत्य साधु'' बनकर देवभूमि में लोगों को धोखा देने का काम कर रहा था।

एसएसपी पौड़ी सर्वेश पंवार ने शुक्रवार को बताया कि कोतवाली तथा अभिसूचना इकाई लक्ष्मण झूला द्वारा संयुक्त रूप से राम झूला क्षेत्र में सघन सत्यापन एवं तलाशी अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर पूछताछ की गई। प्रारंभिक पूछताछ में व्यक्ति द्वारा दी गई जानकारी विरोधाभासी एवं संदेहास्पद प्रतीत होने पर उससे गहनता से पूछताछ की गई। उक्त व्यक्ति ने अपना वास्तविक नाम सनीउर रहमान उर्फ सत्य साधू (39) बताया। वह बांग्लादेश में फरीदपुर के बैसड़ी मधुखाली का मूल निवासी है।

जांच में खुलासा हुआ कि वह वर्ष 2016 से बिना वैध वीजा के भारत में अवैध रूप से रह रहा था। अपनी वास्तविक पहचान छुपाने के लिए उसने "सत्यनिष्ठ आर्य" नाम से भारतीय आधार कार्ड भी बनवा रखा था। एसएसपी पंवार ने बताया कि पुलिस टीम द्वारा उक्त व्यक्ति के दस्तावेजों को गहनता से खंगालने के साथ ही और अधिक जानकारी जुटाई गई। जांच के दौरान अभियुक्त के कब्जे से बांग्लादेशी पासपोर्ट जिसकी वैधता वर्ष 2018 में समाप्त हो चुकी थी, भारतीय पते पर बना आधार कार्ड, मोबाइल फोन, टैबलेट आदि सामान बरामद हुआ। 

पूछताछ में यह भी सामने आया कि अभियुक्त एक दिन पूर्व ही लक्ष्मण झूला घूमने आया था, जबकि इससे पूर्व वह बंगाल, दिल्ली, गाजियाबाद एवं अन्य स्थानों पर निवास कर रहा था। अभियुक्त द्वारा फर्जी दस्तावेज तैयार कर भारत में अवैध निवास करने तथा पहचान छुपा कर रहने के गंभीर अपराध के चलते पुलिस द्वारा व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि अभियुक्त के विरुद्ध कोतवाली लक्ष्मण झूला में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। साथ ही, अभियुक्त के विषय में पुलिस, जांच एजेन्सिंयों आदि द्वारा गहनता से जांच कर और अधिक जानकारी जुटाई जा रही है।

संबंधित समाचार