Uttrakhand: नैनीताल में सीबीएसई 10वीं का शत-प्रतिशत परिणाम, आर्यमान अग्रवाल बने नगर टॉपर
नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड 10वीं बोर्ड परीक्षा का परिणाम शत-प्रतिशत रहा। पार्वती प्रेमा जगाती सरस्वती विहार के छात्र आर्यमान अग्रवाल ने 98 प्रतिशत अंक प्राप्त कर नगर में पहला स्थान हासिल किया। इसी विद्यालय के निष्कर्ष अग्रवाल ने 98 प्रतिशत अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान प्राप्त किया। तीसरे स्थान पर बिरला विद्या मंदिर के शीर्ष सचान रहे, जिन्होंने 97.6 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। विद्यालय के 143 छात्रों में से 52 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किए।
मोहन लाल साह बाल विद्या मंदिर में वर्णिता पांडे ने 96.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। रोजम बी ने 96.4 प्रतिशत के साथ दूसरा तथा भव्या बिष्ट ने 96 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान हासिल किया। कविता भट्ट ने 95 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। विद्यालय की 82 छात्राएं परीक्षा में शामिल हुईं और सभी उत्तीर्ण रहीं। सेंट जेवियर स्कूल में लक्ष्य पांडे ने 85 प्रतिशत अंक के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि अब्दुल एहमद ने 80 प्रतिशत अंक के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। विद्यालय के 14 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए और सभी उत्तीर्ण रहे।
विद्यालयों के प्रधानाचार्यों अनिल शर्मा, अनुपमा साह, भुवन चन्द्र त्रिपाठी, ए. इमैन्युअल, डॉ. सूर्य प्रकाश तथा नईम खान ने सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
