Uttrakhand: सेना के मेजर की वर्दी पहनकर घूम रहा था शख्स, फर्जी पहचानपत्र भी मिला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। काठगोदाम क्षेत्र में भारतीय सेना की वर्दी पहनकर खुद को मेजर बताने वाले एक संदिग्ध व्यक्ति को पुलिस ने हिरासत में लेकर मुकदमा दर्ज किया है। मामले का खुलासा तब हुआ जब सेना के मेजर को आरोपी की ड्रेस पहनने के तरीके से शक हुआ।

वार्ड नंबर छह शीशमहल निवासी मेजर अजय पाठक के अनुसार वह शनिवार को वॉकवे मॉल के पास एक दुकान से खरीदारी कर बाहर निकले। इसी दौरान उनकी नजर एक व्यक्ति पर पड़ी, जो भारतीय सेना की वर्दी पहने पास की दुकान में प्रवेश कर रहा था। उसकी वर्दी संदिग्ध और अव्यवस्थित लगने पर उन्हें शक हुआ। उस व्यक्ति की वर्दी की शर्ट बाहर को निकली हुई थी। मेजर पाठक उसके पीछे दुकान में गए और उससे पहचान पूछी। व्यक्ति ने खुद को मेजर अमन बताते हुए भारतीय सेना का अधिकारी होने का दावा किया।

बार-बार पूछने और समझाने के बावजूद वह अपनी सही पहचान बताने से बचता रहा। इस पर मेजर पाठक ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। संयोग से पास में पुलिस पेट्रोलिंग वाहन मौजूद था, जो मौके पर पहुंच गया। पुलिस के सामने भी वह व्यक्ति खुद को सेना का अधिकारी बताता रहा और सीएसडी कार्ड व एक सर्विस आई-कार्ड भी दिखाया।

हालांकि, पुलिस और मेजर पाठक के संदेह के चलते उसे पेट्रोलिंग वाहन से काठगोदाम थाने लाया गया। वहां उससे गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दस्तावेजों की सत्यता भी खंगाली जा रही है। आरोपी पर मुकदमा दर्ज हो गया है।

 

संबंधित समाचार