अयोध्या में आग लगने से सैकड़ों बीघा गेहूं की फसल जलकर राख, प्रशासन ने कही ये बात

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

अयोध्या, अमृत विचार। रौनाही थाना क्षेत्र के मुस्तफाबाद गांव के मजरे लोधे उपाध्याय पूरवा से होकर गई हाई टेंशन की तार के शॉर्ट सर्किट से गिरी चिंगारी से गेहूं की फसल में आग लग गई। फायर ब्रिगेड व ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया। प्रधान नदीम मलिक ने बताया कि आग की चपेट में आकर महेश पांडेय ,सुरेश, बीरेंद्र, गोरखनाथ, जोखन लाल की करीब 10 बीघा फसल जल गई। हल्का लेखपाल विश्वनाथ प्रताप ने बताया रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को प्रेषित की गई है।

आग से 50 बीघा गेहूं की फसल जली

सत्तीचौरा चौकी क्षेत्र में धौरहरा की उत्तर पश्चिम क्षेत्र में खडी गेहूं की फसल में शनिवार को अचानक आग लग गयी। ग्रामीण, पुलिस व दमकल कर्मी जब तक लपटों पर काबू पाते तब तक सतेंद्र सिंह, नरेंद्र सिंह की 15-15 बीघे, कृपाल सिंह व सोनू सिंह की 10-10 बीघे गेहूं की फसल जल गई। गांव निवासी विवेक सिंह का ट्रेक्टर जल कर राख हो गया। कंबाईड ठीक कर रहे मैकेनिक की लापरवाही से आग लगने की आशंका के चलते ग्रामवासियों ने मैकेनिक सहित चालक को बंदी बना लिया। 

मौके पर दलबल के साथ पहुंचे चौकी प्रभारी सत्यम अग्रवाल ने आक्रोशित ग्रामीण व किसानों को शांत कर दोनों को चौकी ले आए। उपजिलाधिकारी सविता, तहसीलदार प्रदीप कुमार सिंह व क्षेत्राधिकारी सदर अरविंद सोनकर ने नुकसान की यथास्थिति की जानकारी ली।

उपजिलाधिकारी ने बताया कि नुकसान का मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है। क्षेत्राधिकारी अरविन्द सोनकर ने कहा कि कंबाइन द्वारा आग लगने शिकायत को देखते चालक समेत मालिक को हिरासत मे लिया गया है। तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।

आग से 60 बीघा गेहूं की फसल राख

हैदरगंज थाना क्षेत्र के गांव बैंतीकला में शनिवार दोपहर गांव के बाहर पूरब दिशा में अचानक गेहूं के खेतों में आग लग गई। देखते ही देखते लपटों ने लगभग 60 बीघा गेहूं की फसल को अपने आगोश में ले लिया। प्रधान अनिल सिंह की सूचना पर पहुंची हैदरगंज की पुलिस, दमकल कर्मियों की टीम तथा स्थानीय ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया। तब तक पूरी फसल और मड़ाई के बाद बनने वाला भूसा जलकर राख हो गया।

आगजनी घटना में लक्ष्मी दुबे, सुनील सिंह, भोला दुबे आदि किसानों का काफी नुकसान हुआ है। बीकापुर नायब तहसीलदार रामखेलावन ने बताया कि मौके पर राजस्व कर्मियों की टीम को भेजा गया है। नुकसान का आंकलन कर नियमानुसार अहेतुक सहायता दी जाएगी।

आग से जली चार घरों का सामान व चार बीघा गेहूं की फसल जली

पूराबाजार स्थित मयाभीखी गांव के सीवान में शनिवार दोपहर अज्ञात कारणों से खेत में लगी आग से चार बीघे गेहूं की फसल, पराली व चार वनराजा परिवारों की गृहस्थी का सामान जल गया। शारदा सहायक नहर के बगल लाला के पुरवा से लगी आग लगभग एक किमी. दूर परसपुर गांव तक पहुंच गई। जहां ओम प्रकाश का तीन बीघा व मुस्ताक का एक बीघा गेहूं तथा लगभग पांच सौ बीघे की पराली जलकर राख हो गई। 

वहीं परसपुर वनराजा बस्ती में विमला पत्नी राजाराम, पिंका पत्नी रविशंकर की गृहस्थी का सामना जल गया। लक्ष्मी पत्नी अर्जुन व सुमित्रा पत्नी छटंकी का छप्पर आग की भेंट चढ़ गया। सूचना के काफी देर बाद जब तक फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंची तब तक सब कुछ राख हो चुका था। हल्का लेखपाल अमन वर्मा ने पहुंचकर क्षति का आंकलन किया। कहा कि जल्द ही शासन स्तर की सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। प्रधान प्रतिनिधि करुणेश प्रताप सिंह ने खाद्यान्न व आवश्यक चीजें उपलब्ध कराते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।

ये भी पढ़ें : 
राम मंदिर के 60 अर्चकों के लिए आए 500 आवेदन, नया प्रशिक्षण शुरू, निर्धारित शर्त को पूरा करने वाले वालों का होगा चयन

संबंधित समाचार