अमेठी में युवती की निर्मम हत्या, खेत में खून से लथपथ शव मिलने से हड़कंप

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

अमेठी, अमृत विचार l जनपद के गौरीगंज कोतवाली क्षेत्र के चतुरीपुर मजरे मऊ गांव में बुधवार को सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 23 वर्षीय युवती का खून से लथपथ शव गांव से कुछ दूरी पर खेत में पड़ा मिला।

मृतका की पहचान अमिता(23) द्विवेदी, पुत्री अवधेश कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवती का शव घर से करीब 50 मीटर दूर नहर किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। सुबह खेत की ओर गए ग्रामीणों की नजर जब शव पर पड़ी तो इलाके में हड़कंप मच गया और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई।

परिजनों के मौके पर पहुंचते ही उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवती की गला रेतकर हत्या की गई है। वहीं, मामले में दुष्कर्म की आशंका भी जताई जा रही है, जिससे घटना और भी गंभीर हो गई है।

सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी अखिलेश कुमार और थाना अध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और घटनास्थल पर जांच शुरू कर दी है व फॉरेसिंक टीम को भी बुलाया गया है ।

फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

संबंधित समाचार