चल यार धक्का मार: यूपी रोडवेज में सफर नहीं आसां...एक टीन का डिब्बा है, उसको धकियाना है !
बरेली, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में सफर करने का इरादा है तो हाथ और पैरों को भी मजबूत कर लीजिए, पता नहीं कब सफर के बीच ड्राइवर आपसे कहे कि चलो उतरो और कंडक्टर के साथ मिलकर बस को धक्का लगाओ।
यह कोई मजाक नहीं बल्कि सच है उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की उन खटारा बसों का जिनमें बैठकर लगता है कि दम अब निकला कि तब निकला। बरेली से जो वीडियो सामने आया उसने उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की पोल खोलकर रख दी है। रास्ते में बस खराब हुई और ड्राइवर ने कह दिया कि अब इससे आगे बस को ले जाना है तो धक्का लगाना पड़ेगा। फिर क्या था यात्री उतरे और लगे खटारा बस को धकियाने।
दरअसल उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के बरेली रीजन की बस में यात्रियों से धक्का लगाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। जानकारी करने पर पता लगा कि यह वीडियो बहेड़ी बस अड्डे का है। बस में खराबी आई तो यात्रियों से धक्का लगवाकर स्टार्ट करने का प्रयास किया जा रहा है। बरेली डिपो के एआरएम संजीव कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि बस में माइनर फाल्ट हो गया था। बस को किनारे कराया गया, बाद में गाड़ी को मैकेनिक से ठीक कराकर भेजा गया।
अब सवाल ये कि वर्कशाप से पूरी जांच पड़ताल के बाद मार्ग पर भेजा जाता है। मगर बस में खराबी आने पर इसका जिम्मेदार कौन। बहरहाल बस में धक्का लगवाने पर अधिकारी जांच कराने की बात कह रहे हैं। मगर ये एक लौती तस्वीर नहीं है। यूपी रोडवेज की बसों में सफर करने वाले यात्रियों के लिए ये तकलीफ आम सी बात है।
