अक्षय तृतीया पर चारधाम यात्रा का शुभारंभ : खोले गए गंगोत्री-मुनोत्री धाम के कपाट, PM मोदी के नाम से की गई पहली पूजा

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

देहरादून/उत्तरकाशी। अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर रविवार को देवभूमि उत्तराखंड के उत्तरकाशी जनपद अंतर्गत स्थित श्री गंगोत्री और श्री यमुनोत्री धाम के कपाट ग्रीष्मकालीन दर्शनों के लिए खुल गए। गंगा मइया और यमुना मइया के जयकारों, बैंडबाजों की मधुर धुनों तथा वैदिक मंत्रोच्चारण और सैन्य बैंड की मधुर धुनों के मध्य ग्रीष्मकालीन दर्शनार्थ दोनो पवित्र धामों के कपाट खोल दिए गए। इस तरह उत्तराखंड की मशहूर चारधाम यात्रा का शुभारंभ भी हो गया। दोनों धामों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम से पहली पूजा की गई। 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गंगोत्री धाम में कपाटोद्घाटन समारोह में संकल्प लेकर प्रधानमंत्री मोदी के नाम से पहली पूजा की और चारधाम यात्रा के सफल आयोजन तथा देश-प्रदेश की सुख समृद्धि एवं खुशहाली की मंगल कामना की है। धार्मिक परंपराओं के अनुसार रविवार को मां गंगा की उत्सव डोली भैरव घाटी स्थित भैरव मंदिर से चलकर गंगोत्री धाम पहुंची। गंगोत्री धाम में विशेष पूजा-अभिषेक के साथ 12 बजकर 15 मिनट पर गंगोत्री मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले गये। 

दूसरी ओर मां यमुना की डोली शनिदेव महाराज की अगुवाई में शीतकालीन प्रवास स्थल खरसाली से चलकर यमुनोत्री धाम पहुंची। धार्मिक विधि- विधान के साथ 12 बजकर 35 मिनट पर यमुनोत्री धाम के कपाट भी श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोले गए। गंगोत्री धाम के कपाटोद्घाटन समारोह में शामिल मुख्यमंत्री श्री धामी ने मॉं गंगा के मंदिर में शीश नवाया और विशेष पूजा-अर्चना की और देव डोली से आशीष भी प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि पावन अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर चारधाम यात्रा का विधिवत शुभारंभ हो चुका है। 

उत्तराखण्ड के चारधाम देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए आस्था के प्रमुख केन्द्र हैं, और इन दिव्य धामों के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त करने की इच्छा हर श्रद्धालु के हृदय में रहती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम चारधाम यात्रा के लिए राज्य सरकार द्वारा व्यापक और सुदृढ़ व्यवस्थाएँ की गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोपरि रखते हुए सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के प्रयास किए गए हैं। यात्रा मार्गों पर सुचारु यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। 

उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से ग्रीन और क्लीन चारधाम यात्रा के सफल आयोजन हेतु सहयोग की अपील करते हुए स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सजग रहने का आग्रह भी किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, विधायक सुरेश चौहान, पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण, दायित्वधारी प्रताप पंवार, जिलाधिकारी उत्तरकाशी प्रशान्त आर्य,वोएसपी कमलेश उपाध्याय, एडीएम मुक्ता मिश्रा, मुख्यमंत्री के गढ़वाल कोर्डिनेटर किशोर भट्ट, मंदिर समिति के अध्यक्ष धर्मांनंद सेमवाल, सचिव सुरेश सेमवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि,अधिकारी एवं मंदिर समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे। 

ये भी पढ़ें : 
यूपी में अक्षय तृतीया की धूम: मुख्‍यमंत्री ने दीं शुभकामनाएं, राम मंदिर से काशी विश्वनाथ तक उत्साह, भीषण गर्मी के बीच भक्तों के लिए विशेष इंतजाम  

संबंधित समाचार