Uttrakhand: वीकेंड पर नैनीताल में पर्यटकों का सैलाब, पर्यटन स्थल रहे गुलजार
नैनीताल, अमृत विचार। शनिवार को वीकेंड के अवसर पर सरोवर नगरी नैनीताल में पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मैदानी क्षेत्रों में बढ़ती गर्मी से राहत पाने के लिए बड़ी संख्या में सैलानी पहाड़ों का रुख कर रहे हैं, जिसके चलते शहर के प्रमुख पर्यटन स्थल गुलजार नजर आए।
नैनी झील, मॉल रोड, स्नो व्यू, टिफिन टॉप, केव गार्डन और नैना देवी मंदिर सहित शहर के सभी प्रमुख स्थल दिनभर पर्यटकों की चहल-पहल से भरे रहे। झील में नौकायन का आनंद लेने के लिए पर्यटकों की लंबी कतारें देखी गईं, वहीं मॉल रोड पर शाम के समय रौनक अपने चरम पर पहुंच गई। होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष दिग्विजय बिष्ट के अनुसार, वीकेंड के चलते शहर के अधिकांश होटलों में 50 प्रतिशत से अधिक कमरे बुक हो चुके हैं, जबकि कई प्रमुख होटलों में ऑक्यूपेंसी इससे भी अधिक दर्ज की गई है। होटल कारोबारियों का कहना है कि जैसे-जैसे गर्मी बढ़ेगी, पर्यटकों की संख्या में और इजाफा होने की उम्मीद है।
उन्होंने बताया कि आने वाले वीकेंड को ध्यान में रखते हुए विशेष तैयारियां की जा रही हैं। पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए होटलों में साफ-सफाई, भोजन व्यवस्था और स्टाफ की तैनाती पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि सैलानियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। वहीं, पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए शहर में यातायात का दबाव भी बढ़ने लगा है। प्रशासन और पुलिस द्वारा ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं, जिससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों दोनों को राहत मिल सके। कुल मिलाकर, वीकेंड पर नैनीताल में पर्यटन गतिविधियों ने रफ्तार पकड़ ली है और आने वाले दिनों में यह रौनक और बढ़ने के आसार हैं।
