आईआईटी कानपुर फाउंडेशन ने दीपक राज को बनाया निदेशक मंडल का नया बोर्ड अध्यक्ष

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

कानपुर/पैलो आल्टो। आईआईटी कानपुर फाउंडेशन ने वॉल स्ट्रीट के अनुभवी वित्त विशेषज्ञ एवं परमार्थी दीपक राज को अपने निदेशक मंडल का नया अध्यक्ष नियुक्त किए जाने की घोषणा की है। फाउंडेशन की ओर से सोमवार को यहां जारी बयान के अनुसार संस्थान के विशिष्ट पूर्व छात्र सम्मान से सम्मानित दीपक राज ऐसे समय में यह जिम्मेदारी संभाल रहे हैं, जब फाउंडेशन ने उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है और वह अपनी वैश्विक रणनीतिक पहलों का विस्तार कर रहा है। 

दीपक राज वैश्विक वित्त और परमार्थ के क्षेत्र में चार दशकों से अधिक का अनुभव रखते हैं। वह राज एसोसिएट्स के संस्थापक हैं तथा मेरिल लिंच में ग्लोबल इक्विटी रिसर्च के पूर्व निदेशक रह चुके हैं। फाउंडेशन को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में एंडोमेंट और अनुसंधान सहयोग कार्यक्रमों को नई गति मिलेगी। 

आईआईटी कानपुर फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. राजीव कुमार रंजन ने कहा कि वैश्विक वित्त क्षेत्र में दीपक राज का अनुभव और समाजसेवा के क्षेत्र में उनका नेतृत्व फाउंडेशन को मजबूत दिशा देगा। उन्होंने कहा कि विभिन्न संस्थाओं के साथ उनके कार्य ने लोगों को साझा उद्देश्य के लिए साथ लाने की उनकी क्षमता सिद्ध की है।

आईआईटी कानपुर के निदेशक प्रो. मणीन्द्र अग्रवाल ने कहा कि दीपक राज कई वर्षों से संस्थान के मजबूत सहयोगी रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनका पेशेवर सफर छात्रों के लिए प्रेरणादायक है और उनके नेतृत्व में फाउंडेशन संस्थान की प्रगति को नई दिशा देगा। नवनियुक्त अध्यक्ष दीपक राज ने कहा कि आईआईटी कानपुर ने उनके पेशेवर जीवन की मजबूत नींव रखी है और इस भूमिका में संस्थान से पुनः जुड़ना उनके लिए सम्मान की बात है।

उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य वैश्विक पूर्व छात्र समुदाय को संस्थान की भविष्य दृष्टि से जोड़ना तथा अनुसंधान, नवाचार और अगली पीढ़ी के इंजीनियरों के लिए संसाधन जुटाना है। दीपक राज वर्तमान में न्यू जर्सी स्थित निजी निवेश फर्म राज एसोसिएट्स के प्रबंध निदेशक हैं। मेरिल लिंच में 24 वर्षों के करियर के दौरान उन्होंने कई वरिष्ठ पदों पर कार्य किया। वह न्यू जर्सी स्टेट इन्वेस्टमेंट काउंसिल के निर्वाचित अध्यक्ष भी रह चुके हैं, जो 80 अरब डॉलर के पेंशन फंड की देखरेख करता है।

परमार्थ के क्षेत्र में भी वह सक्रिय रहे हैं। वह इंडिया फिलान्थ्रॉपी एलायंस और प्रथम् यूएसए के चेयरमैन रह चुके हैं तथा द/नज फाउंडेशन के बोर्ड सदस्य हैं। वर्ष 2015 में उन्होंने अपनी पत्नी नीरा राज के साथ कोलंबिया विश्वविद्यालय में "दीपक और नीरा राज सेंटर ऑन इंडियन इकोनॉमिक पॉलिसीज़" की स्थापना की थी।

उल्लेखनीय है कि आईआईटी कानपुर फाउंडेशन अमेरिका स्थित एक लाभ-निरपेक्ष संगठन है, जो आईआईटी कानपुर के समर्थन, पूर्व छात्र सहभागिता, एंडोमेंट प्रबंधन, अनुसंधान, अवसंरचना विकास और छात्रवृत्तियों के लिए कार्य करता है। 

संबंधित समाचार