प्रतापगढ़ में बड़ा हादसा : तालाब में नहाने गए तीन सगे भाई-बहनों की डूबने से मौत
प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में सोमवार दोपहर एक दुखद घटना घटी, जिसमें तीन सगे भाई-बहनों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, जिला मुख्यालय से करीब 15 किलोमीटर दूर कंधई थानाक्षेत्र के साल्हीपुर कंजास गांव में विजय बहादुर यादव के तीन बच्चे, बेटी रानी (12 वर्ष), बेटा मोहित (9 वर्ष) और सबसे छोटा रोहित (6 वर्ष) घर के पास स्थित तालाब में नहाने गए थे।
जब बच्चे काफी देर तक घर नहीं लौटे तो परिजनों को शंका हुई। उन्होंने ग्रामीणों के साथ मिलकर तलाश शुरू की।काफी प्रयास के बाद तीनों बच्चों को तालाब से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।थाना प्रभारी निरीक्षक आदित्य सिंह ने बताया कि तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और इस मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
