Lucknow News: शुभमुहूर्त देख आए थे रजिस्ट्री कराने,सर्वर ही नहीं चला
मोहनलालगंज तहसील से बिना रजिस्ट्री कराए लौटा आजमगढ़ का परिवार
मोहनलालगंज, लखनऊ, अमृत विचार: आजमगढ के शिवम त्रिवेदी पंडित से शुभ मुहूर्त पूछकर जमीन की रजिस्ट्री कराने के लिए परिवार के साथ मोहनलालगंज तहसील आए थे। किसान को पैसा दे दिया ,स्टांप भी खरीद लिए और अन्य प्रक्रिया भी पूरी कर ली। तहसील पहुंचे तो बताया गया कि सर्वर डाउन है। इंतजार करते रहे, लेकिन सर्वर नहीं चला। शुभमुहूर्त निकल जाने से मायूस होकर लौट गए।
अधिवक्ता रामेंद्र सिंह,अंकित सिंह, सुरेश कुमार, अभिषेक सिंह व उद्भव मिश्रा ने बताया कि सब रजिस्ट्रार कार्यालय में सर्वर की समस्या अब आम हो चुकी है। इसके चलते न केवल अधिवक्ता बल्कि संपत्ति खरीदने व बेचने वाले लोग भी घंटों इंतजार करने को मजबूर हैं। कई बार तो देर रात तक सर्वर चालू होने का इंतजार करना पड़ता है।उन्होंने बताया कि हाल ही में सर्वर की समस्या के चलते रात करीब 12 बजे तक लोग कार्यालय में परेशान बैठे रहे। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारी इस ओर कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे हैं।
सोमवार को रायबरेली निवासी रामकुमार ने बताया कि वह सुबह ही तहसील पहुंच गए थे, लेकिन सर्वर न आने के कारण दिनभर बैठे रहे। उन्होंने बताया कि संपत्ति खरीदने के लिए विक्रेता के खाते में पैसा भी ट्रांसफर कर दिया, लेकिन रजिस्ट्री नहीं हो सकी। ऐसे में यदि आवागमन के दौरान कोई अप्रिय घटना हो जाए तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा। सुल्तानपुर निवासी राजेश्वर ने बताया कि विक्रेता पैसा मिलने के बाद ही हस्ताक्षर करने को तैयार था। पैसा ट्रांसफर करने के बाद जब तहसील पहुंचे तो पता चला कि सर्वर ही नहीं चल रहा है, जिससे उन्हें काफी परेशानी उठानी पड़ी।सर्वर ठप रहने के कारण तहसील परिसर के साथ ही बाहर स्थित होटलों व दुकानों पर भी खरीदारों और विक्रेताओं की भीड़ लगी रही। बावजूद इसके जिम्मेदार अधिकारियों की उदासीनता से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
