बाराबंकी : तालाब में डूबने से युवक की मौत, परिजनों में कोहराम
बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के लोनीकटरा थाना क्षेत्र में तालाब में नहाने गए एक युवक की डूबने से मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि इलियासपुर गांव निवासी सर्वेश वर्मा (40) सोमवार सुबह गांव के पास स्थित बड़े तालाब में नहाने गए थे।
उन्होंने अपने कपड़े तालाब किनारे उतारकर रख दिए और पानी में उतरे, लेकिन काफी देर तक बाहर नहीं निकले। जब वह घर वापस नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई। तलाश के दौरान तालाब किनारे उनके कपड़े पड़े मिले, जिसके बाद अनहोनी की आशंका पर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची।
ग्रामीणों की मदद से करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद सर्वेश को तालाब से बाहर निकाला गया और गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र त्रिवेदीगंज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों के अनुसार मृतक नशे का आदी था। परिवार में उसकी दो अविवाहित बेटियां हैं।
