झोलाछाप और अनाधिकृत चिकित्सा पर सख्ती की मांग, IMA प्रतिनिधिमंडल ने CM योगी से की मुलाकात

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार : इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) के पदाधिकारियों ने सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर प्रदेश में बढ़ते झोलाछाप और अनाधिकृत चिकित्सीय गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग उठाई।

आईएमए के अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार अस्थाना और सचिव डॉ. श्वेता श्रीवास्तव ने मुख्यमंत्री से शिष्टाचार भेंट के दौरान कहा कि प्रदेश में झोलाछाप चिकित्सक मरीजों की जान से खिलवाड़ कर रहे हैं और गैरकानूनी तरीके से इलाज कर रहे हैं।

प्रतिनिधिमंडल ने सुझाव दिया कि इस समस्या के समाधान के लिए एक समन्वित कमेटी गठित की जाए, जो जांच कर ऐसे अवैध चिकित्सकों की पहचान करे और उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करे।

आईएमए पदाधिकारियों ने जनस्वास्थ्य, चिकित्सा सेवाओं और सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में संगठन की भूमिका बढ़ाने का भी प्रस्ताव रखा। साथ ही आईएमए के नए और विस्तृत भवन निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि आवंटन की मांग भी की गई।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए जनहित से जुड़े मुद्दों पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने और आम जनता को सुरक्षित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

इस दौरान आईएमए के कार्यकारी सदस्य डॉ. अमित अग्रवाल, डॉ. अमित मदान और डॉ. आरबी सिंह भी उपस्थित रहे।

 

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज